24 अक्टूबर को होगा परिषद का साधारण सम्मिलन, साफ-सफाई और माइक सिस्टम दुरुस्त करने के निर्देश
भोपाल, 22 अक्टूबर। नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी और निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने गुरुवार को आईएसबीटी स्थित निगम परिषद सभागृह का निरीक्षण किया। उन्होंने 24 अक्टूबर को होने वाले नगर निगम परिषद के साधारण सम्मिलन की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान निगम अध्यक्ष और आयुक्त ने मुख्य सभागृह, दर्शक दीर्घा, पत्रकार दीर्घा और पार्षदों व पत्रकारों के भोजन कक्षों सहित परिसर के अन्य स्थानों का जायजा लिया। उन्होंने पूरे सभागृह में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
अधिकारियों को सभागृह की फॉल सीलिंग की जरूरी मरम्मत शुक्रवार दोपहर तक पूरी करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा परिषद की बैठक के दौरान माइक सिस्टम सुचारू रूप से काम करे, इसकी व्यवस्था पहले से जांचने को कहा गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बैठक में शामिल होने वाले पार्षदों, पत्रकारों और अन्य लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त वरुण अवस्थी, उपायुक्त एवं परिषद सचिव दिनेश सिंह, उपायुक्त हीरेन्द्र सिंह कुशवाह और चंचलेश गिरहारे, मुख्य अभियंता संतोष गुप्ता तथा प्रभारी अतिक्रमण शैलेन्द्र सिंह भदौरिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
नगर निगम प्रशासन ने आगामी परिषद सम्मिलन को देखते हुए सभागृह की व्यवस्थाएं समय सीमा में पूरी करने पर जोर दिया है।
