खजुराहो एयरपोर्ट बना यात्रियों की पहली पसंद, 25 से ज्यादा नई सुविधाएं शुरू; CSI सर्वे में देश में नंबर-1


ख



जुराहो। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने खजुराहो हवाई अड्डे पर यात्रियों की सुविधा और यात्रा अनुभव को बेहतर बनाने के लिए 25 से अधिक आधुनिक सुविधाएं शुरू की हैं। इन सुविधाओं के चलते एयरपोर्ट ने कस्टमर सैटिस्फैक्शन इंडेक्स (CSI) सर्वेक्षण में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है।
खजुराहो एयरपोर्ट के निदेशक संतोष सिंह ने बताया कि यात्रियों के लिए किड्स ज़ोन, फ्लाई लाइब्रेरी, निःशुल्क वाई-फाई, चाइल्ड केयर एवं बेबी फीडिंग रूम, इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग स्टेशन, स्वचालित पार्किंग प्रणाली, प्रीपेड टैक्सी सेवा, स्नैक बार, रिटेल शॉप, पर्यटक सहायता केंद्र, “मे आई हेल्प यू” काउंटर, मोबाइल एवं लैपटॉप चार्जिंग स्टेशन, विश्वस्तरीय शौचालय, दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएं, अत्याधुनिक सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था और वीआईपी लाउंज जैसी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
छह माह में 40 हजार यात्रियों ने किया सफर
एयरपोर्ट निदेशक के अनुसार 1 जनवरी से 30 जून 2026 के बीच करीब 40 हजार यात्रियों ने खजुराहो एयरपोर्ट से यात्रा की। यात्रियों से मिले सकारात्मक फीडबैक के आधार पर एयरपोर्ट ने एएआई के CSI सर्वेक्षण में देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय उत्कृष्ट यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण सेवाओं को दिया।
लगातार बढ़ रही यात्री संख्या
खजुराहो एयरपोर्ट पर पिछले कुछ वर्षों में यात्रियों की संख्या में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2022 में 15,701, 2023 में 50,300, 2024 में 49,715 और 2025 में 51,543 यात्रियों ने एयरपोर्ट का उपयोग किया। वहीं 2026 के पहले छह महीनों में ही करीब 40 हजार यात्री यात्रा कर चुके हैं।
सितंबर से फिर शुरू होने की उम्मीद नियमित उड़ानों की
संतोष सिंह ने बताया कि पिछले दो महीनों से नियमित उड़ान सेवाएं एयरलाइन की परिचालन एवं व्यावसायिक योजना के कारण अस्थायी रूप से प्रभावित हैं। विमानों की उपलब्धता, नेटवर्क पुनर्गठन, क्रू प्रबंधन और स्लॉट आवंटन जैसे कारणों से उड़ान संचालन रुका हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सितंबर 2026 से नियमित उड़ान सेवाएं फिर शुरू हो जाएंगी।
आधुनिक सुविधाओं से लैस है एयरपोर्ट
खजुराहो एयरपोर्ट 2,286 मीटर लंबे रनवे, दो एयरोब्रिज, 10 विमान पार्किंग स्टैंड, कैट-1 इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (ILS), DVOR/DME नेविगेशन प्रणाली, आधुनिक एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम तथा प्रतिवर्ष 15 लाख यात्रियों की क्षमता वाले टर्मिनल भवन से सुसज्जित है। भविष्य में यहां रडार सर्विलांस प्रणाली स्थापित करने की भी योजना है।
एयरपोर्ट प्रबंधन का मानना है कि नियमित उड़ान सेवाएं बहाल होने के बाद आधुनिक आधारभूत संरचना और यात्री-अनुकूल सुविधाएं देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बेहतर अनुभव देंगी, जिससे यूनेस्को विश्व धरोहर नगरी खजुराहो में पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था दोनों को बढ़ावा मिलेगा।





