भोपाल : नगर निगम की सख्त कार्यवाही, सड़कों पर घूम रहे 23 आवारा पशुओं को भेजा गया कांजी हाउस

भोपाल। राजधानी भोपाल में आवारा पशुओं की बढ़ती समस्या को नियंत्रित करने के लिए नगर निगम द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को नगर निगम की गौवर्धन परियोजना शाखा और हांका पार्टी द्वारा संयुक्त रूप से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 23 आवारा पशुओं को पकड़कर कांजी हाउस भेजा गया, जबकि 15 पशुओं को सड़कों से हटाया गया।

इस कार्रवाई को निगम आयुक्त हरेन्द्र नारायण के निर्देश पर अरेरा हिल्स, एमपी नगर, बैरागढ़, लालघाटी, एयरपोर्ट रोड, माता मंदिर, अवधपुरी, कालीबाड़ी, खजूरी, जंबूरी मैदान, पिपलानी और अन्ना नगर जैसे इलाकों में अंजाम दिया गया।

नगर निगम को सीएम हेल्पलाइन और अन्य माध्यमों से आवारा पशुओं की शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर टीम ने त्वरित कार्रवाई की।

निगम की हांका पार्टी द्वारा सार्वजनिक सड़कों पर घूम रहे मवेशियों को खदेड़ कर हटाया गया ताकि यातायात और आम नागरिकों को होने वाली असुविधा से राहत मिल सके।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में स्वच्छता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए आवारा पशुओं पर कार्रवाई का यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

भोपाल नगर निगम की यह पहल शहरवासियों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण देने की दिशा में एक अहम कदम है।

Exit mobile version