कैलारस-बीरपुर रेलखंड का लोकार्पण, तीन ट्रेनों की विस्तारित सेवा शुरू

ग्वालियर-चंबल अंचल को बड़ी रेल सौगात, रेल मंत्री ने कहा- एमपी में रेलवे विकास के लिए 14,700 करोड़ का प्रावधान

भोपाल, 18 अगस्त 2026। मध्यप्रदेश के कैलारस और बीरपुर के बीच आमान परिवर्तन के बाद तैयार 56 किलोमीटर लंबे ब्रॉडगेज रेलखंड का मंगलवार को लोकार्पण किया गया। इस मौके पर इस रेलखंड पर तीन ट्रेनों की विस्तारित सेवा को भी हरी झंडी दिखाई गई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और मुरैना सांसद शिवमंगल सिंह तोमर शामिल हुए।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित करते हुए कहा कि कैलारस से बीरपुर तक रेल सेवा का विस्तार ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम है। इससे बीरपुर, सबलगढ़ और आसपास के गांवों के लोगों को ग्वालियर सहित अन्य प्रमुख शहरों तक आने-जाने में सुविधा होगी। रेल कनेक्टिविटी बढ़ने से विद्यार्थियों, युवाओं, किसानों और व्यापारियों को भी लाभ मिलेगा।

188 किमी लंबी परियोजना का महत्वपूर्ण हिस्सा

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि ग्वालियर-श्योपुरकलां आमान परिवर्तन परियोजना करीब 188 किलोमीटर लंबी है और इसकी लागत लगभग 3,128 करोड़ रुपये है। कैलारस-बीरपुर का 56 किलोमीटर रेलखंड इस परियोजना का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में वित्तीय वर्ष 2026-27 में रेलवे विकास के लिए करीब 14,700 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं कार्यक्रम में दिए गए आंकड़ों के अनुसार, रेलवे की ओर से राज्य में लगभग 1.18 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम चल रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 80 स्टेशनों के पुनर्विकास का काम भी किया जा रहा है।

जनरल और स्लीपर कोच बढ़ाए जाएंगे

रेल मंत्री ने कहा कि रेलवे आम लोगों और मध्यम वर्ग के लिए सुविधाएं बेहतर करने पर ध्यान दे रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए 12,500 जनरल और स्लीपर कोच बनाने का आदेश दिया गया है। उन्होंने वंदे भारत, नमो भारत रैपिड रेल और वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों के जरिए रेलवे को आधुनिक स्वरूप देने की बात कही।

उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में पिछले 10 वर्षों में 222 किलोमीटर नई रेल लाइन, 1,200 किलोमीटर मल्टी-ट्रैकिंग और 707 किलोमीटर गेज परिवर्तन का काम पूरा हुआ है। राज्य में फिलहाल पांच वंदे भारत ट्रेनें सेवाएं दे रही हैं।

श्योपुर तक कनेक्टिविटी बढ़ाने की उम्मीद

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि कैलारस से बीरपुर तक आमान परिवर्तन पूरा होना ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही रेल कनेक्टिविटी श्योपुरकलां तक पहुंचेगी। भविष्य में इस रेल लाइन के कोटा तक विस्तार की योजना से क्षेत्र को और लाभ मिलने की बात भी कही।

विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि कैलारस-सबलगढ़-बीरपुर रेलखंड के आमान परिवर्तन के लिए क्षेत्र के लोगों ने लंबे समय तक प्रयास किया। अब वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है। मुरैना सांसद शिवमंगल सिंह तोमर ने नई रेल सेवा शुरू होने पर क्षेत्रवासियों की खुशी जताते हुए रेल विकास को आगे भी जारी रखने की उम्मीद व्यक्त की।

Exit mobile version