भोपाल। वरिष्ठ समाजसेवी एवं जनसेवा के लिए समर्पित रहे स्वर्गीय निर्मल कुमार केसवानी की छठवीं पुण्यतिथि के अवसर पर राजधानी भोपाल में दो दिवसीय श्रद्धांजलि एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को सिटी प्रेस क्लब एवं श्री निर्मल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में ‘सावन संगम समारोह’ आयोजित किया गया। समारोह में पत्रकारिता, समाजसेवा और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया।
पत्रकारों और समाजसेवियों को मिला ‘पर्यावरण मित्र सम्मान’
कार्यक्रम का उद्देश्य स्वर्गीय निर्मल कुमार केसवानी की समाजसेवा और पर्यावरण संरक्षण की परंपरा को आगे बढ़ाना रहा। समारोह का शुभारंभ नर्मदापुरम सांसद दर्शन सिंह चौधरी और हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए स्वर्गीय निर्मल कुमार केसवानी की स्मृति में वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल, विधायक भगवान दास सबनानी, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रमोद राजपूत सहित कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और पत्रकार मौजूद रहे।
पत्रकारों और विशिष्ट व्यक्तित्वों का सम्मान
समारोह में पत्रकारिता, समाजसेवा और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया। इनमें अनुराग उपाध्याय, वीरेंद्र शर्मा, कौशल किशोर चतुर्वेदी, प्रवेश गौतम, संजू सूर्यवंशी, केशव राज पांडे, कपिल तुलसी, राजेश प्रिंस गाबा, आदेश प्रताप सिंह भदौरिया, सुनील दुबे, मस्तान सिंह मारन, उमाशंकर तिवारी और जे.डी. पटेल सहित अन्य लोग शामिल रहे।
‘जहां सरकार नहीं पहुंचती, वहां पत्रकार पहुंच जाते हैं’
हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने पत्रकारिता की भूमिका पर कहा कि “जहां सरकार नहीं पहुंचती, वहां पत्रकार पहुंच जाते हैं।” उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज के उन मुद्दों को सामने लाते हैं, जो आम लोगों की आवाज बनकर शासन-प्रशासन तक पहुंचते हैं।
नर्मदापुरम सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने कहा, “पत्रकार न किसी का दोस्त होता है और न दुश्मन, पत्रकार पत्रकार होता है।” उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका महत्वपूर्ण है और पत्रकार समाज की वास्तविक तस्वीर सामने लाने का काम करते हैं।
कांग्रेस नेता जेपी धनोपिया ने कहा कि पत्रकार के जीवन का संघर्ष बहुत कम लोग देख पाते हैं। उन्होंने पत्रकारिता के सामाजिक सरोकारों और जनहित से जुड़े मुद्दों को सामने लाने की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
24 अगस्त को शीतल दास की बगिया में श्रद्धांजलि कार्यक्रम
स्वर्गीय निर्मल कुमार केसवानी की पुण्यतिथि 24 अगस्त को है। इस अवसर पर शाम 6 बजे शीतल दास की बगिया में विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। संध्या झूलेलाल की फौज की ओर से पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इसमें परिजन, सामाजिक कार्यकर्ता और शुभचिंतक शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे।
परिजनों ने कहा कि निर्मल कुमार केसवानी की स्मृतियां आज भी प्रेरणा का स्रोत हैं। उनके आदर्शों और सामाजिक मूल्यों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। निर्मल वेलफेयर फाउंडेशन एवं जागृत हिंदू मंच के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में डॉ. दुर्गेश केसवानी ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।
