जदयू प्रदेश अध्यक्ष सूरज जायसवाल पटना रवाना, बिहार विधानसभा चुनाव में संभालेंगे प्रचार की कमान

जबलपुर/पटना। जनता दल (यू) मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष सूरज जायसवाल आज अपने साथियों के साथ बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान में भाग लेने के लिए जबलपुर से पटना रवाना हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में विकास और सुशासन की नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य किया जाएगा।प्रदेश अध्यक्ष सूरज जायसवाल आगामी दिनों में समस्तीपुर जिले की मोरवा विधानसभा सीट पर पार्टी प्रत्याशी  विद्यासागर निषाद के पक्ष में सक्रिय रूप से प्रचार करेंगे। वे वहां जनसभाओं, कार्यकर्ता बैठकों और जनता के बीच संवाद कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

इस अवसर पर उनके साथ जदयू मध्यप्रदेश के प्रदेश महासचिव सोभाल सिंह सिसोदिया, एडवोकेट नवनीत झा, एडवोकेट आर. जी. वर्मा, निलेश सिंह सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद थे। रवाना होने से पहले जायसवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश इकाई भी बिहार में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से जुटेगी। जदयू नेताओं का कहना है कि बिहार चुनाव में इस बार पार्टी विकास, रोजगार, शिक्षा और सामाजिक सौहार्द के मुद्दों पर जनता के बीच जाएगी। मध्यप्रदेश से कार्यकर्ताओं की यह भागीदारी जदयू के संगठनात्मक विस्तार और अंतरराज्यीय एकजुटता का प्रतीक मानी जा रही है।

Exit mobile version