जनविश्वास अभियान: गुनगा और परसोरा में सरकारी संस्थाओं का निरीक्षण

भोपाल, 14 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को बैरसिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गुनगा और परसोरा में विभिन्न शासकीय संस्थाओं और नागरिक सुविधाओं का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने स्कूल, आंगनवाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र, उचित मूल्य दुकान और हाट बाजार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
विधायक विष्णु खत्री, बैरसिया एसडीएम शिवांगी बघेल और अन्य अधिकारियों ने ग्राम पंचायत गुनगा स्थित शासकीय विद्यालय का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से बातचीत कर पढ़ाई से जुड़ी जानकारी ली। साथ ही बच्चों को दिए जा रहे मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता भी जांची।
इसके बाद टीम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। यहां धात्री महिलाओं से उपचार और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर जानकारी ली गई। अधिकारियों ने उप मंडी गुनगा और हाट बाजार का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
आंगनवाड़ी में बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली
परसोरा में एसडीएम शिवांगी बघेल और सीडीपीओ पंकज ने आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान बच्चों का वजन कराया गया और गंभीर तीव्र कुपोषण (SAM) तथा मध्यम तीव्र कुपोषण (MAM) की श्रेणी में दर्ज बच्चों की स्थिति और उन्हें मिल रही देखभाल की जानकारी ली गई।
निरीक्षण के दौरान आशा कार्यकर्ता द्वारा दवाइयों की एक्सपायरी डेट की नियमित जांच नहीं किए जाने पर एसडीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने बीएमओ को संबंधित आशा कार्यकर्ता को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
उचित मूल्य दुकान बंद मिलने पर नोटिस
परसोरा की शासकीय उचित मूल्य दुकान भी निरीक्षण के दौरान बंद मिली। इस पर एसडीएम ने संबंधित विक्रेता को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि शासकीय संस्थाओं और नागरिक सुविधाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।





