State

जय बापू-जय भीम-जय संविधान अभियान: महू में जुटेंगे दो लाख कांग्रेसजन

भोपाल, ।  बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली महू में जय बापू-जय भीम-जय संविधान अभियान का भव्य शुभारंभ 27 जनवरी को होगा। इस आयोजन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित देश-प्रदेश के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दी।

महू में होगा संविधान विरोधी भाजपा सरकार के खिलाफ शंखनाद

धरमपुरी, मनावर, कुक्षी, बड़वानी, सेंधवा और राजपुर विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेसजनों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए श्री पटवारी ने कहा, “देश और प्रदेश की भाजपा सरकार संविधान, आरक्षण और अंबेडकर विरोधी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह द्वारा बार-बार संविधान का मजाक उड़ाया जा रहा है। महू में इस अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी।”

दो लाख समर्थकों के जुटने की तैयारी

श्री पटवारी ने कहा कि इस अभियान में प्रदेश भर से करीब दो लाख कांग्रेसजन और अंबेडकर समर्थक महू में शामिल होंगे। इसके लिए क्षेत्रीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। धरमपुरी में बाइक रैली निकालकर कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक संख्या में महू पहुंचने का आह्वान किया गया।

वरिष्ठ नेताओं ने किया संबोधित

इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मंत्री सचिन यादव, और विधायक सुरेंद्र सिंह हनी बघेल ने भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने संविधान और आरक्षण के महत्व को दोहराते हुए भाजपा की नीतियों का विरोध करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में बड़ी भागीदारी की अपील

धरमपुरी, मनावर, कुक्षी, बड़वानी, सेंधवा और राजपुर विधानसभा क्षेत्रों के जिला कांग्रेस अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष, मंडलम सेक्टर के प्रभारी और बड़ी संख्या में अंबेडकर समर्थक इस अभियान की तैयारियों में जुटे हैं।

Related Articles