मेट्रो निर्माण के कारण बदले मार्ग की महापौर मालती राय ने की समीक्षा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
भोपाल। मेट्रो रेल निर्माण के चलते बोगदा पुल क्षेत्र में बदले गए यातायात मार्ग पर बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए भोपाल की महापौर मालती राय ने अधिकारियों को ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रखने और सड़क से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
नगर निगम मुख्यालय अटल भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में महापौर ने बोगदा पुल क्षेत्र में यातायात की मौजूदा स्थिति पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में उपायुक्त हीरेंद्र सिंह कुशवाह, अतिक्रमण निरोधक दस्ता प्रभारी शैलेन्द्र सिंह भदौरिया, पार्षद अजीजुद्दीन, नसीम गफूर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
अतिक्रमण हटाने और दोबारा नहीं होने देने के निर्देश
महापौर मालती राय ने कहा कि मेट्रो निर्माण के कारण इस मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। ऐसे में सड़क और आसपास के क्षेत्रों से सभी अतिक्रमण तत्काल हटाए जाएं। साथ ही ऐसी व्यवस्था की जाए कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न हो और यातायात प्रभावित न हो।
उन्होंने अधिकारियों से ट्रैफिक पुलिस के साथ समन्वय बनाकर वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने और लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न होने देने के निर्देश भी दिए।
नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता
महापौर ने कहा कि मेट्रो परियोजना शहर के विकास के लिए महत्वपूर्ण है, लेकिन निर्माण कार्य के दौरान आम नागरिकों को कम से कम असुविधा हो, यह सुनिश्चित करना भी जरूरी है। इसलिए परिवर्तित मार्गों पर ट्रैफिक प्रबंधन, संकेतक, सुरक्षा और अतिक्रमण हटाने का कार्य नियमित रूप से किया जाए।
नगर निगम का कहना है कि बोगदा पुल क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाएगी और आवश्यकता अनुसार सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे, ताकि नागरिकों को सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
