इंदौर: चिंटू चौकसे से पूछताछ पर कांग्रेस का हमला, जीतू पटवारी बोले- राजनीतिक प्रताड़ना की जा रही

इंदौर, 30 जुलाई। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे को पंढरीनाथ थाने में कई घंटे तक बैठाकर पूछताछ किए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने इसे राजनीतिक प्रताड़ना का प्रयास बताया।
पटवारी ने कहा कि गांधी भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर फरवरी में हुए विवाद के मामले में पुलिस ने चिंटू चौकसे को लगातार नोटिस भेजे थे। तीसरे नोटिस के बाद चौकसे स्वयं थाने पहुंचे और जांच में सहयोग किया। इसके बावजूद उन्हें घंटों तक थाने में बैठाकर पूछताछ करना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि पुलिस को कानून के अनुसार निष्पक्ष जांच करने का पूरा अधिकार है, लेकिन किसी राजनीतिक दल के निर्वाचित पदाधिकारी को लंबे समय तक थाने में बैठाकर मानसिक दबाव बनाना लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप नहीं है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का कहना है कि इस मामले में भाजपा और कांग्रेस दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। ऐसे में पुलिस को दोनों पक्षों के साथ समान व्यवहार करना चाहिए। केवल कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई होने से पुलिस की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं।
पटवारी ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि चिंटू चौकसे को अनावश्यक रूप से थाने में घंटों न बैठाया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता कानून का सम्मान करते हैं और जांच में पूरा सहयोग देंगे, लेकिन राजनीतिक दबाव में पुलिस का इस्तेमाल कर विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश स्वीकार नहीं की जाएगी।




