State

श्रावण मास में दो दिवसीय कीर्तन सेवा का शुभारंभ, तिलक जयंती पर राष्ट्रचेतना का संदेश

भोपाल। श्रावण मास और लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक जयंती के अवसर पर महाराष्ट्र चैरिटेबल ट्रस्ट एवं श्री साईं बाबा ब्लेसिंग फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में कोलार रोड स्थित श्री साईं बाबा ब्लेसिंग फाउंडेशन परिसर में दो दिवसीय कीर्तन सेवा का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में भक्ति, संस्कृति और राष्ट्रचेतना का समन्वय देखने को मिला।

कार्यक्रम में हरिभक्त परायण श्रीमती श्रुति भांडारे ने अपने मधुर कीर्तन से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर किया। तबले पर सुभाष पांचेखेडे और हारमोनियम पर श्रीकृष्ण अठले ने संगीत संगत प्रस्तुत की।

महाराष्ट्र चैरिटेबल ट्रस्ट की अध्यक्ष पूनम कुलकर्णी ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना और आध्यात्मिक साधना का विशेष समय है। उन्होंने कहा कि कीर्तन केवल ईश्वर भक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि समाज जागरण, राष्ट्रभक्ति और संस्कार निर्माण का प्रभावी माध्यम भी है। परिवारों में प्रेम, एकता और नैतिक मूल्यों के विकास से मजबूत समाज और राष्ट्र का निर्माण होता है।

कीर्तन के पूर्वार्ध में छत्रपति शिवाजी महाराज के स्वराज्य, राष्ट्रप्रेम और लोककल्याणकारी शासन के आदर्शों का उल्लेख किया गया। वहीं उत्तरार्ध में बाल गंगाधर तिलक द्वारा सार्वजनिक गणेशोत्सव के माध्यम से राष्ट्रीय चेतना जगाने के योगदान पर प्रकाश डाला गया। साथ ही भारतीय शिक्षा, मराठी पत्रकारिता और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण में उनके योगदान को भी रेखांकित किया गया।

आयोजन से जुड़े आनंद रेगे ने बताया कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में भाग लेकर कीर्तन का आनंद लिया और धर्म, संस्कृति तथा राष्ट्रभक्ति से जुड़े प्रेरक संदेश ग्रहण किए। दो दिवसीय आयोजन के पहले दिन पूरे परिसर में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना रहा।

Related Articles