छह माह में बुजुर्गों की हेल्पलाइन पर आए 3126 कॉल, 60% ने बेटी जैसी केयरटेकर की जताई इच्छा

चित्रांश समिति अब निशुल्क उपलब्ध कराएगी प्रशिक्षित और पुलिस वेरिफाइड केयरगिवर्स, जरूरत पर मिलेगी नर्सिंग सुविधा
भोपाल। बुजुर्गों की देखभाल और मदद के लिए शुरू की गई हेल्पलाइन पर छह महीने में 3126 कॉल आए हैं। इनमें करीब 60 फीसदी बुजुर्गों ने महिला केयरटेकर की जरूरत बताई है। वहीं 30 फीसदी ने पुरुष केयरटेकर की इच्छा जताई, जबकि 10 फीसदी के लिए केयरटेकर का महिला या पुरुष होना मायने नहीं रखता।
चित्रांश ह्यूमन एंड वेलफेयर समिति ने छह महीने पहले बुजुर्गों की सहायता के लिए हेल्पलाइन शुरू की थी। इसके आंकड़ों के मुताबिक, 1337 पुरुष कॉलर्स में से 923 परिवार के साथ रहते हैं, जबकि 414 अकेले रह रहे हैं। इसी तरह 1789 महिला कॉलर्स में 1236 परिजनों के साथ और 553 परिवार से दूर रह रही हैं।
निशुल्क मिलेंगे प्रशिक्षित केयरगिवर्स
समिति अब बुजुर्गों को निशुल्क प्रशिक्षित और पुलिस वेरिफाइड केयरगिवर्स उपलब्ध कराएगी। जरूरत पड़ने पर नर्सिंग स्टाफ की सेवाएं भी मुफ्त दी जाएंगी। इसके लिए बुजुर्गों को 9302766670 नंबर पर अपना नाम, पता और उम्र बताते हुए जरूरी सेवा की जानकारी व्हाट्सएप करनी होगी।
समिति के उपाध्यक्ष मोहन सोनी ने बताया कि केयरटेकर के खिलाफ बुजुर्गों के साथ दुर्व्यवहार की बढ़ती घटनाओं और केयरगिवर की महंगी फीस को देखते हुए यह पहल की गई है। संस्था का उद्देश्य बुजुर्गों को सुरक्षित और निशुल्क देखभाल उपलब्ध कराना है।





