उज्जैन में होमस्टे योजना को बढ़ावा, 360 लोगों ने लिया प्रशिक्षण; जानिए पंजीयन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभ

उज्जैन, 30 जुलाई। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत उज्जैन में होमस्टे संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए गुरुवार को सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती सभागार में कार्यशाला आयोजित की गई। मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड, मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम और जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला में 360 होमस्टे संचालकों और इच्छुक हितग्राहियों ने भाग लिया।

मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. डी. इलैयाराजा टी. ने कहा कि होमस्टे योजना का उद्देश्य सिंहस्थ-2028 के दौरान पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर आवास उपलब्ध कराना तथा स्थानीय लोगों के लिए स्वरोजगार और अतिरिक्त आय के अवसर बढ़ाना है।

कार्यशाला में प्रतिभागियों को होमस्टे योजना, पंजीयन प्रक्रिया, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, आर्थिक लाभ और ऑनलाइन आवेदन की जानकारी दी गई। पर्यटन विशेषज्ञों ने बताया कि जिन लोगों के घर में अतिरिक्त कमरे हैं, वे इस योजना के तहत पंजीयन कर पर्यटन से जुड़कर आय अर्जित कर सकते हैं।

होमस्टे योजना के प्रमुख लाभ

घर के अतिरिक्त कमरों से नियमित आय का अवसर।

स्थानीय संस्कृति, खान-पान और परंपराओं को पर्यटकों तक पहुंचाने का माध्यम।

गृहिणी, सेवानिवृत्त कर्मचारी, शिक्षक, डॉक्टर, पूर्व सैनिक सहित आम नागरिक भी योजना का लाभ ले सकते हैं।

पर्यटन आधारित स्वरोजगार को बढ़ावा।

मिलने वाली प्रमुख सुविधाएं

अधिकतम अतिथि कक्षों की सीमा 6 से बढ़ाकर 8।

वार्षिक 20 लाख रुपये तक की आय पर जीएसटी पंजीकरण अनिवार्य नहीं।

घरेलू बिजली दरों का लाभ।

ऑनलाइन ऑटो-रिन्यूअल की सुविधा।

एफएसएसएआई लाइसेंस और व्यावसायिक गैस सिलेंडर लेने की अनिवार्यता से छूट।

पंजीयन कैसे करें?

इच्छुक व्यक्ति आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए पहचान पत्र, संपत्ति स्वामित्व के दस्तावेज, भवन के फोटो और बैंक खाते का विवरण अपलोड करना होगा। आवेदन के बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पंजीयन किया जाएगा।

पर्यटन बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि होमस्टे योजना स्थानीय लोगों के लिए रोजगार का प्रभावी माध्यम बनने के साथ ही उज्जैन में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को भी मजबूती देगी।

Exit mobile version