आगरा में शराब ठेकों को लेकर हंगामा: हिंदू महासभा नेताओं ने मांगी फिरौती, धमकी देने के आरोप में चार गिरफ्तार

आगरा । उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें शराब ठेके के संचालन को लेकर हिंदू महासभा से जुड़े कुछ नेताओं पर फिरौती मांगने और धमकाने के गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस ने इस मामले में अखिल भारत हिंदू महासभा की महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मीरा राठौर, संजय जाट, मनीष पंडित और बबलू वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, आगरा के एक रिहायशी मकान के बाहर तीन शराब की दुकानें चल रही थीं। मकान मालिक ने बताया कि कुछ हिंदूवादी नेताओं ने पहले उनसे ₹1 लाख की फिरौती मांगी। इस पर उसने दबाव में आकर ₹50,000 दे दिए। इसके बाद जब शेष ₹50,000 की मांग की गई और रकम नहीं दी गई, तो आरोपी नेताओं ने ठेका बंद कराने, झूठे रेप केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला है कि आरोपी संजय जाट पूर्व में गोकशी के एक मामले में जेल जा चुका है। यह मामला केवल जबरन वसूली का नहीं, बल्कि सामाजिक और धार्मिक संगठनों के नाम पर दबाव बनाने की आपराधिक प्रवृत्ति का गंभीर उदाहरण है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी मीरा राठौर और अन्य नेताओं के खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा चुके हैं। धमकी और रंगदारी के अलावा संगठनों के नाम का गलत उपयोग भी जांच का विषय है। मकान मालिक की शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।


यह मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां लोग धार्मिक संगठनों की साख को इस तरह के अपराधों से जोड़कर सवाल उठा रहे हैं।

Exit mobile version