State

खाद्यान्न भंडारण में हाई-टेक क्रांति: मध्यप्रदेश में डिजिटल मॉनिटरिंग से होगी फुल-प्रूफ व्यवस्था

खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने लॉन्च किए निरीक्षण, नमी मापक और फ्यूमिगेशन ऐप

भोपाल। मध्यप्रदेश में खाद्यान्न भंडारण प्रणाली अब पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बनने जा रही है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने शुक्रवार को ग्वालियर से तीन अत्याधुनिक मोबाइल ऐप, निरीक्षण ऐप, नमी मापक ऐप और फ्यूमिगेशन ऐप का शुभारंभ किया। इन ऐप्स के माध्यम से गोदाम प्रबंधन अब रियल-टाइम मॉनिटरिंग, लोकेशन-बेस्ड निरीक्षण और डिजिटल गुणवत्ता नियंत्रण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठा रहा है। मंत्री राजपूत ने कहा कि खाद्यान्न की गुणवत्ता, भंडारण सुरक्षा और पारदर्शिता सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताएं हैं। अब किसी भी स्तर पर लापरवाही, गड़बड़ी या भ्रष्टाचार की गुंजाइश नहीं रहेगी। आधुनिक तकनीक के उपयोग से नागरिकों को बेहतर और सुरक्षित अनाज उपलब्ध कराना सुनिश्चित होगा।

निरीक्षण ऐप: रियल-टाइम, सटीक और लोकेशन-बेस्ड निगरानी, यह ऐप खाद्यान्न गोदामों के निरीक्षण को पूर्णतः डिजिटल बना देता है। निरीक्षण का रोस्टर भोपाल मुख्यालय से तैयार होगा। एक ब्रांच के गोदाम का निरीक्षण दूसरी ब्रांच के प्रबंधक द्वारा यानी क्रॉस वेरिफिकेशन। अधिकारी 100 मीटर से अधिक दूरी पर होंगे तो ऐप निरीक्षण स्वीकार नहीं करेगा। निरीक्षण के दौरान फोटो सबमिशन अनिवार्य होगा। इससे फर्जी निरीक्षण, गलत रिपोर्टिंग और गोदामों में अनियमितताओं पर पूरी तरह अंकुश लगेगा।

नमी मापक ऐप: डिजिटल मॉइस्चर मीटर से सटीक रिपोर्टिंग

अब नमी मापन की मैनुअल व्यवस्था समाप्त हो गई है। हर स्टैक की ऊपरी, मध्य व निचली परत से डिजिटल नमी मापन। ऐप सेgenerated डिजिटल स्लिप का फोटो अपलोड अनिवार्य। हर गोदाम की मासिक नमी रिपोर्ट रियल-टाइम उपलब्ध होगी। जिला प्रबंधक सीधे FCI को डेटा भेज सकेंगे। यह प्रणाली भंडारित अनाज की गुणवत्ता सुनिश्चित करने में गेम-चेंजर साबित होगी।

फ्यूमिगेशन ऐप: दवा छिड़काव की पूरी प्रक्रिया अब डिजिटल रिकॉर्ड में

फ्यूमिगेशन अब पारदर्शी, प्रमाणित और सख्त निगरानी के साथ होगा। कवर लगाने से हटाने तक की हर फोटो ऐप में अपलोड। सफल फ्यूमिगेशन के बिना स्टॉक जारी नहीं हो सकेगा। ब्रांच मैनेजर के अधिकृत प्रतिनिधि की मौजूदगी अनिवार्य। यह कदम अनाज को कीटों से सुरक्षा, उपभोक्ता स्वास्थ्य और खाद्यान्न संरक्षण के लिए अत्यंत आवश्यक है।
इन तीनों ऐप्स के लॉन्च के साथ मध्यप्रदेश ने खाद्यान्न भंडारण और गोदाम प्रबंधन में डिजिटल मॉनिटरिंग क्रांति की शुरुआत कर दी है। सरकार को उम्मीद है कि आधुनिक तकनीक के इस उपयोग से व्यवस्था और अधिक पारदर्शी बनेगी तथा जनता को उच्च गुणवत्ता का अनाज समय पर उपलब्ध कराया जा सकेगा।

Related Articles