
भोपाल। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर 11 से 18 जुलाई तक आयोजित जागरूकता सप्ताह के समापन पर परिवार कल्याण कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, भोपाल के निर्देशन में सिविल डिस्पेंसरी कमला नगर में आयोजित कार्यक्रम में मैदानी स्तर पर बेहतर कार्य करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
जागरूकता सप्ताह के दौरान जिले की विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं एवं सामुदायिक स्तर पर रैलियां, नुक्कड़ नाटक और नवदंपत्ति परामर्श कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से परिवार नियोजन के विभिन्न उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही नवदंपत्तियों को ‘नई पहल किट’ वितरित कर अस्थायी परिवार नियोजन साधनों के उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में पहले और दूसरे बच्चे के बीच उचित अंतर रखने, अंतरा इंजेक्शन के प्रति जागरूकता बढ़ाने, अंतरा इंजेक्शन लगवाने तथा पीपीआईयूसीडी अपनाने के लिए प्रेरित करने वाले स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अधिकारी डॉ. फणींद्र शर्मा तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक अनीता दुगाया उपस्थित रहीं।
सम्मानित कार्यकर्ता: हेमलता वर्मा (नरेला), विमला वर्मा (खुरचनी), सोनम खटिक (नायसमंद), नशरीन (हर्राखेड़ा), रजिया बंसकार (चंदनखेड़ी), अनिल सिंगरौले (बगरौदा), एकता पटेल (ललरिया), कोमल सोनी (हर्राखेड़ा), सोनल धोटे (मुगालिया छाप), बबिता शाह (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मिसरोद), अंजुम खान (गुनगा) एवं कंचन गीद (नजीराबाद)।





