State

Gwalior Road News: हाईकोर्ट के निर्देश पर ग्वालियर की सड़कों की जांच, नगर निगम-PWD और NHAI की सड़कों के लिए सैंपलिंग

जनहित याचिका के बाद शुरू हुआ तकनीकी परीक्षण, 30 अगस्त को कराया गया NSV सर्वे; NHAI जल्द हाईकोर्ट में पेश करेगा रिपोर्ट

ग्वालियर। ग्वालियर शहर की सड़कों की स्थिति और निर्माण गुणवत्ता को लेकर दायर जनहित याचिका के संबंध में माननीय उच्च न्यायालय के निर्देश पर विभिन्न विभागों और एजेंसियों की सड़कों की तकनीकी जांच की जा रही है। जांच के दौरान नगर निगम, लोक निर्माण विभाग (PWD), राज्य राजमार्ग और NHAI के अधीन आने वाली सड़कों का परीक्षण किया जा रहा है।

वर्ष 2025 में ग्वालियर शहर में नगर निगम के अधीन आने वाली सड़कों की स्थिति और निर्माण गुणवत्ता को लेकर जनहित याचिका दायर की गई थी। सुनवाई के दौरान नगर निगम की ओर से बताया गया कि शहर में नगर निगम और PWD के अलावा अन्य विभागों की सड़कें भी हैं। साथ ही NHAI के अधीन ग्वालियर ईस्टर्न बायपास का एक हिस्सा भी गुजरता है।

इसके बाद उच्च न्यायालय ने विभिन्न विभागों और एजेंसियों के अधीन आने वाली सड़कों की स्थिति और निर्माण गुणवत्ता की जांच के निर्देश दिए। इसी के तहत संबंधित सड़कों का तकनीकी परीक्षण और आवश्यकता के अनुसार सैंपलिंग की जा रही है।

NHAI की सड़क को लेकर भ्रम की स्थिति स्पष्ट

प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि ग्वालियर क्षेत्र में NHAI की सड़क के धंसने या बड़े-बड़े गड्ढे होने संबंधी कुछ खबरें तथ्यात्मक रूप से सही नहीं हैं और भ्रामक हैं। संबंधित जनहित याचिका मुख्य रूप से ग्वालियर शहर में नगर निगम के अधीन आने वाली सड़कों की समग्र स्थिति और निर्माण गुणवत्ता से जुड़ी है।

नगर निगम, PWD और NHAI की सड़कों से सैंपल लिए जाना भी हाईकोर्ट के निर्देश पर चल रही व्यापक तकनीकी जांच का हिस्सा है।

30 अगस्त को हुआ NSV सर्वे

हाईकोर्ट की सुनवाई के दौरान सड़कों की स्थिति का तकनीकी आकलन करने के लिए NSV (Network Survey Vehicle) सर्वे कराने की प्रक्रिया निर्धारित की गई थी। इसके लिए NHAI को सभी संबंधित विभागों की सड़कों का सर्वे कराने की नोडल एजेंसी की जिम्मेदारी दी गई थी।

इसी के तहत NHAI ने 30 अगस्त 2026 को ग्वालियर क्षेत्र में विभिन्न विभागों और एजेंसियों के अधीन आने वाली सड़कों तथा राष्ट्रीय राजमार्ग का NSV सर्वे कराया। सर्वे रिपोर्ट हाईकोर्ट के निर्देशानुसार NHAI द्वारा जल्द प्रस्तुत की जाएगी।

राष्ट्रीय राजमार्गों की गुणवत्ता पर NHAI का पक्ष

NHAI के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण और रखरखाव में निर्धारित गुणवत्ता मानकों एवं तकनीकी प्रावधानों का पालन किया जाता है। निर्माण और रखरखाव कार्यों की गुणवत्ता की विभिन्न स्तरों पर तकनीकी निगरानी एवं परीक्षण की व्यवस्था है।

इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग निर्धारित तकनीकी और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप निर्मित एवं अनुरक्षित किए जाएं।

Related Articles