गुजरात के मीडिया हाउस मालिक बाहुबली शाह 3500 करोड़ रुपये के हवाला रैकेट में गिरफ्तार, ईडी को चीन-पाकिस्तान फंडिंग के सबूत मिले

अहमदाबाद । गुजरात में हवाला रैकेट का बड़ा खुलासा हुआ है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अहमदाबाद स्थित एक बड़े मीडिया समूह ‘गुजरात समाचार’ के मालिक बाहुबली शाह को 3500 करोड़ रुपये के हवाला घोटाले में गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी को ऐसे पुख्ता सबूत मिले हैं, जिनसे यह स्पष्ट होता है कि शाह ने यह धनराशि चीन, तुर्की और पाकिस्तान से प्राप्त की थी। यह मामला देश की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है, जिसमें अंतरराष्ट्रीय जासूसी नेटवर्क और देशद्रोह की साजिश के तार जुड़े हुए हैं।

ईडी की यह कार्रवाई केंद्रीय खुफिया एजेंसी आईबी (IB) द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद सामने आई, जिसमें देशद्रोह से जुड़े नेटवर्क पर नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान इनपुट मिले कि अहमदाबाद का एक मीडिया हाउस हवाला चैनलों के माध्यम से विदेशी धन को देश के अंदर वितरित कर रहा है। शाह पर आरोप है कि वह इस रकम के जरिए भारत में सक्रिय जासूसों और गद्दारों को फंड करता था।

सूत्रों के मुताबिक यह हवाला रैकेट सिर्फ आर्थिक अपराध नहीं है, बल्कि इसके जरिए देश के भीतर एक बहुत बड़ा जासूसी नेटवर्क सक्रिय किया गया था। बाहुबली शाह पर भारत विरोधी एजेंडे को मीडिया और दूसरे माध्यमों से बढ़ावा देने का भी शक जताया जा रहा है।

ईडी अब इस हवाला रैकेट से जुड़े अन्य लोगों और संस्थाओं की भी जांच कर रही है। यह कार्रवाई भारत में विदेशी फंडिंग और देशद्रोही गतिविधियों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।

Exit mobile version