अखिल भारतीय गुलाब प्रदर्शनी में नगर निगम भोपाल का शानदार प्रदर्शन

फ्लावर कैटेगरी में 19 प्रथम व 22 द्वितीय पुरस्कार, उद्यान श्रेणी में भी मिली बड़ी सफलता

भोपाल। राजधानी भोपाल में आयोजित 45वीं अखिल भारतीय गुलाब प्रदर्शनी में नगर निगम, भोपाल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शहर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। इस प्रतिष्ठित प्रदर्शनी में नगर निगम को फ्लावर कैटेगरी में 19 प्रथम पुरस्कार और 22 द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुए। इसके साथ ही शासकीय एवं संस्थागत उद्यानों की विभिन्न श्रेणियों में निगम के 01 पार्क को प्रथम तथा 03 पार्कों को द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

नगर निगम भोपाल द्वारा नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और जन स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए शहर के उद्यानों और पार्कों का निरंतर विकास एवं संधारण किया जा रहा है। निगम की नर्सरियों में विभिन्न प्रकार के फूलदार और सजावटी पौधों, विशेषकर गुलाब की उन्नत प्रजातियों को विकसित किया जा रहा है। इन्हीं प्रयासों का परिणाम है कि निगम के पार्क और फूल राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में लगातार सराहे जा रहे हैं।

लिंक रोड नंबर-01 स्थित गुलाब उद्यान में आयोजित इस प्रदर्शनी में नगर निगम भोपाल द्वारा प्रस्तुत गुलाबों की विविध किस्मों और उत्कृष्ट देखरेख ने निर्णायकों को विशेष रूप से प्रभावित किया। फ्लावर कैटेगरी में मिली रिकॉर्ड संख्या में पुरस्कार नगर निगम की उद्यान शाखा की मेहनत और विशेषज्ञता को दर्शाते हैं।

उद्यान श्रेणी में शासकीय एवं संस्थागत उद्यानों के लघु उद्यान वर्ग में पुरुषोत्तम गौर उद्यान को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। वहीं मध्यम उद्यान वर्ग में नंदन कानन उद्यान को द्वितीय स्थान, लघुत्तम उद्यान वर्ग में विवेकानंद उद्यान को द्वितीय स्थान, तथा लघु उद्यान वर्ग में ही फिरदौस उद्यान को द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

नगर निगम की ओर से उद्यान शाखा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ये पुरस्कार प्राप्त किए। यह उपलब्धि न केवल निगम के हरित प्रयासों की पहचान है, बल्कि भोपाल को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण–अनुकूल शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है।

Exit mobile version