State

ऑल इंडिया पुलिस स्पोर्ट्स प्रतियोगिता 2025 में मध्यप्रदेश पुलिस की शानदार उपलब्धि,  अधिकारियों ने जीते स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक

अमरावती (आंध्र प्रदेश) और जम्मू-कश्मीर में आयोजित ऑल इंडिया पुलिस गेम्स 2025 एवं ऑल इंडिया जूडो क्लस्टर 2025 प्रतियोगिताओं में मध्यप्रदेश पुलिस के अधिकारियों और जवानों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए। विजेता खिलाड़ियों ने भोपाल में पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा से सौजन्य भेंट कर उनके मार्गदर्शन और समर्थन के प्रति आभार व्यक्त किया।

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस के लिए वर्ष 2025 गौरव का प्रतीक बन गया है। ऑल इंडिया पुलिस स्पोर्ट्स प्रतियोगिता 2025 और ऑल इंडिया जूडो क्लस्टर 2025 में राज्य पुलिस के खिलाड़ियों ने देशभर की टीमों को पीछे छोड़ते हुए गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल हासिल किए हैं।

पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने गुरुवार को विजेता खिलाड़ियों से भेंट कर उन्हें बधाई दी और कहा कि यह जीत केवल पदक नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश पुलिस के अनुशासन, प्रशिक्षण और संकल्प का प्रतीक है। पुलिस बल न केवल कानून व्यवस्था का प्रहरी है, बल्कि खेल, फिटनेस और मानसिक सशक्तता का उदाहरण भी है।

पदक विजेता और उपलब्धियाँ:
अमरावती (आंध्र प्रदेश) में आयोजित ऑल इंडिया पुलिस गेम्स 2025 में मंदसौर के आरक्षक भीम शंकर ने पावरलिफ्टिंग (120 किग्रा वर्ग) में स्वर्ण पदक जीता। इंदौर क्राइम ब्रांच की महिला प्रधान आरक्षक बबली खाखरे ने योगा चैंपियनशिप (सिंगल आर्टिस्टिक योगासन) में कांस्य पदक, जबकि जीआरपी इंदौर की उप निरीक्षक पूनम शर्मा ने ट्रेडिशनल योगासन में रजत पदक हासिल किया।

वहीं, जम्मू-कश्मीर में आयोजित ऑल इंडिया जूडो क्लस्टर 2025 में भोपाल पुलिस की महिला आरक्षक दीक्षा शर्मा ने पेंचक सिलाट सेनी (तुंगल) इवेंट में रजत, महिला आरक्षक तृप्ति पांडेय ने टेंडिंग इवेंट में रजत, जबकि 36वीं वाहिनी बलाघाट के प्रधान आरक्षक मनोज पहाड़े और आरक्षक कृष्णा वासुनिया ने कराटे (कुमिते) इवेंट में कांस्य पदक जीता।

2022 से 2025 तक लगातार सफलता:
मध्यप्रदेश पुलिस के खिलाड़ियों ने पिछले चार वर्षों में कुश्ती, वेटलिफ्टिंग, योगा और जूडो क्लस्टर में राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीते हैं। आरक्षक भीमशंकर सिंह ने 2022 से 2025 तक हर वर्ष पदक जीतकर रिकॉर्ड कायम किया, जबकि महिला प्रधान आरक्षक बबली खाखरे और आरक्षक दीक्षा शर्मा ने योगा व पेंचक सिलाट में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

इन उपलब्धियों ने न केवल मध्यप्रदेश पुलिस का राष्ट्रीय स्तर पर गौरव बढ़ाया है, बल्कि यह भी सिद्ध किया है कि राज्य पुलिस बल शारीरिक क्षमता, अनुशासन और आत्मविश्वास में देश के सबसे सशक्त बलों में से एक है।

डीजीपी मकवाणा ने कहा कि पुलिस बल के खिलाड़ियों की यह सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा है और इससे मध्यप्रदेश पुलिस  मजबूत शरीर, सशक्त मन और अटूट संकल्प की भावना और अधिक सशक्त हुई है।

Related Articles