14 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा, 100 से अधिक मंचों पर होगा स्वागत

भोपाल। स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में 14 अगस्त को सुबह 10 बजे भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। विधायक भगवानदास सबनानी के नेतृत्व में आयोजित यह यात्रा शौर्य स्मारक से शुरू होकर भारत माता चौराहा तक जाएगी।
यात्रा के समापन अवसर पर भारत माता की आरती और राष्ट्रभक्ति के जयघोष होंगे। आयोजकों के अनुसार यात्रा मार्ग में 100 से अधिक स्थानों पर स्वागत मंच बनाए जाएंगे, जहां स्थानीय नागरिक, सामाजिक एवं सेवा संगठन, कर्मचारी संगठन तथा स्कूलों के विद्यार्थी पुष्पवर्षा और राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ यात्रा का स्वागत करेंगे।
युवाओं और महिलाओं की सहभागिता पर जोर
विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि क्षेत्र के विकास के साथ राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करना भी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की स्वतंत्रता के संघर्ष, बलिदान, शौर्य और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं और समाज के सभी वर्गों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
अलग-अलग समितियों को सौंपी जिम्मेदारी
तिरंगा यात्रा को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। यात्रा मार्ग, स्वागत, यातायात एवं पार्किंग, सुरक्षा एवं अनुशासन, मंच-साउंड, चिकित्सा एवं आपातकालीन सहायता, पेयजल, स्वच्छता, मीडिया और अतिथि प्रोटोकॉल जैसी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी अलग-अलग समितियों को दी गई है।
आयोजकों ने दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों से 14 अगस्त को सुबह 10 बजे शौर्य स्मारक पहुंचकर तिरंगा यात्रा में शामिल होने की अपील की है।





