State

वेस्ट ज़ोन अस्मिता किकबॉक्सिंग वूमेंस चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ इंदौर में

खेलो इंडिया अस्मिता कार्यक्रम के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण की नई पहल

इंदौर। स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI), खेल एवं युवा कल्याण मंत्रालय भारत सरकार तथा वाको इंडिया किकबॉक्सिंग फेडरेशन के निर्देशन में एमेच्योर स्पोर्ट्स किकबॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ़ मध्य प्रदेश द्वारा आयोजित चार दिवसीय खेलो इंडिया अस्मिता वेस्ट ज़ोन किकबॉक्सिंग वूमेंस चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ इंदौर में हुआ। यह प्रतियोगिता जोनल स्तर पर आयोजित होने वाली प्रथम खेलो इंडिया अस्मिता महिला किकबॉक्सिंग लीग है, जिसे लेकर खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखा गया।

मुख्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ उद्घाटन

प्रतियोगिता का शुभारंभ वाको इंडिया किकबॉक्सिंग फेडरेशन के अध्यक्ष श्री संतोष कुमार अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया से आए ऑब्जर्वर विकास वेदवाद, वाको इंडिया किकबॉक्सिंग फेडरेशन के कोषाध्यक्ष सुरेश बाबू, इंदौर पब्लिक स्कूल की प्राचार्य सुधा पांडे, किड्स कॉलेज स्कूल की डायरेक्टर एवं प्रिंसिपल जूही मिश्रा, राजेंद्र सिंह तोमर, अरुण कश्यप (एडिशनल एसपी, छिंदवाड़ा) सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मार्च पास्ट ने बांधा समां

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना, आकर्षक नृत्य प्रस्तुति, भव्य मार्च पास्ट एवं किकबॉक्सिंग डेमोंस्ट्रेशन के साथ की गई। इन प्रस्तुतियों ने प्रतियोगिता को एक गरिमामयी और प्रेरणादायक वातावरण प्रदान किया।

आठ राज्यों की महिला खिलाड़ी ले रहीं भाग

इस वेस्ट ज़ोन प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, गोवा, दमन एवं दीव से आई कैडेट, जूनियर और सीनियर वर्ग की प्रतिभाशाली महिला किकबॉक्सिंग खिलाड़ी भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता का आयोजन इंदौर में किया जा रहा है, जो खेलो इंडिया अस्मिता अभियान के तहत महिला खेलों को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

महिला सशक्तिकरण का सशक्त माध्यम बनी किकबॉक्सिंग

इस अवसर पर वाको इंडिया किकबॉक्सिंग फेडरेशन के अध्यक्ष संतोष कुमार अग्रवाल ने कहा कि किकबॉक्सिंग अब प्रतिष्ठित ‘खेलो इंडिया अस्मिता कार्यक्रम’ का अभिन्न हिस्सा बन चुकी है। यह खेल महिलाओं को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि अस्मिता खेलो इंडिया महिला किकबॉक्सिंग लीग देशभर के 32 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के 150 शहरों में आयोजित की जा रही है, जिसमें 30,000 से अधिक महिला खिलाड़ी भाग लेंगी।

खिलाड़ियों के लिए नगद पुरस्कार की भी व्यवस्था

भारत सरकार द्वारा इस प्रतियोगिता के माध्यम से महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने हेतु लगभग 11 लाख रुपये की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी, जिससे खिलाड़ियों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना और उत्साह और अधिक बढ़ेगा।

आयोजन समिति का योगदान

कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन महासचिव आशुतोष दाधीच ने दिया।
संचालन मनीषा वर्मा द्वारा किया गया, जबकि आभार प्रदर्शन एमेच्योर स्पोर्ट्स किकबॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ़ मध्य प्रदेश के अध्यक्ष विनोद सोनडवले ने किया।

Related Articles