State

सागर में ‘रन फॉर यूनिटी’ का भव्य आयोजन, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने दी एकता का संदेश

सागर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर मंगलवार को सागर में “रन फॉर यूनिटी” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने सहभागिता कर युवाओं और नागरिकों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश दिया।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, सागर कलेक्टर, एसपी, सहित जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने रन फॉर यूनिटी के शुभारंभ के बाद प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि एकता ही हमारी शक्ति है और अखंडता ही हमारी पहचान है। सरदार पटेल ने जिस भारत को एक सूत्र में पिरोया, वही आज विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक शक्ति के रूप में हमारे सामने है।

उन्होंने कहा कि हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह देश की एकता, अखंडता और संविधान की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहे। रन फॉर यूनिटी के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों ने भाग लिया। शहर की सड़कों पर एक भारत, श्रेष्ठ भारत के नारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति, एकता और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को सशक्त बनाना था।

Related Articles