State

भोपाल में 15 जनवरी को होगी भव्य आर्मी डे परेड-2027, 50 हजार दर्शकों के पहुंचने की संभावना

भोपाल, 19 अगस्त 2026। राजधानी भोपाल में 15 जनवरी 2027 को भव्य आर्मी डे परेड-2027 आयोजित की जाएगी। आयोजन की तैयारियों को लेकर बुधवार को कलेक्टर प्रियंक मिश्रा की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में भारतीय सेना के कर्नल सुब्रत मिश्रा, कर्नल सनी जुनेजा, अपर कलेक्टर महेंद्र कवचे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि भोपाल में आर्मी डे परेड की मेजबानी करना मध्यप्रदेश के लिए गौरव का अवसर है। यह आयोजन ‘आपकी सेना आपके पास’ की अवधारणा को साकार करेगा और सेना तथा नागरिक प्रशासन के बीच समन्वय को मजबूत करेगा। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

कालीबाड़ी मार्ग पर होगी मुख्य परेड

भारतीय सेना के कर्नल सुब्रत मिश्रा ने बताया कि मुख्य आर्मी डे परेड भेल क्षेत्र के कालीबाड़ी मार्ग पर होगी। टीटी नगर स्टेडियम में ‘शौर्य संध्या’ आयोजित की जाएगी। जंबूरी मैदान में सेना के अत्याधुनिक उपकरणों का स्टेटिक और डायनेमिक डिस्प्ले लगाया जाएगा। वहीं, बड़ा तालाब स्थित वीआईपी बोट क्लब क्षेत्र में ‘इंटीग्रेटेड कॉम्बैट डिस्प्ले’ के जरिए सेना की सामरिक क्षमता और युद्ध कौशल का प्रदर्शन किया जाएगा।

यातायात और सुरक्षा पर विशेष जोर

आयोजन से जुड़े कार्यक्रमों में करीब 50 हजार दर्शकों के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए कलेक्टर ने यातायात व्यवस्था, रूट डायवर्जन, पार्किंग, दर्शक दीर्घा और सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के निर्देश दिए।

जिला सड़क सुरक्षा समिति को आयोजन से जुड़े मार्गों की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सैन्य दस्तों के ठहरने और आवास की व्यवस्था के लिए सभी अनुविभागीय अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया है।

Related Articles