State

ग्वालियर हादसे के मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख मुआवजा दे सरकार: जीतू पटवारी

एम्स भोपाल में घायलों से मिले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, हादसे की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग

भोपाल, 22 अक्टूबर। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी गुरुवार को भोपाल स्थित एम्स पहुंचे। यहां उन्होंने ग्वालियर सड़क हादसे में घायल श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित परिवारों से भी चर्चा की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

ग्वालियर हादसे में 16 लोगों की मौत पर दुख जताते हुए पटवारी ने कहा कि इस घटना ने कई परिवारों को गहरा सदमा दिया है। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए एयरलिफ्ट करना पड़ा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार हो रहे हादसों से सड़क सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

पटवारी ने मांग की कि सरकार हादसे की निष्पक्ष जांच कराए और लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों व अन्य लोगों पर कार्रवाई करे। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते उचित सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बरती जाती, तो कई लोगों की जान बचाई जा सकती थी।

प्रदेश में हाल के दिनों में हुई विभिन्न घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने छिंदवाड़ा में बच्चों की मौत, बालाघाट हादसे, इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों, सागर के शराब कांड और बैतूल में दर्शन के लिए जा रहे परिवार के साथ हुई दुर्घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है।

मृतकों के परिवारों को 25-25 लाख रुपये देने की मांग

पटवारी ने सरकार से ग्वालियर हादसे में मृतकों के प्रत्येक परिवार को कम से कम 25-25 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि घायलों के इलाज का पूरा खर्च भी सरकार को उठाना चाहिए। पीड़ित परिवारों को केवल आश्वासन देने के बजाय उन्हें उचित आर्थिक सहायता और न्याय मिलना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी हादसे के बाद सहायता देने तक सीमित नहीं है। सड़क सुरक्षा, आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं और प्रशासनिक जवाबदेही को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

इस दौरान कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, पूर्व प्रवक्ता अभिनव बरोलिया, महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष विभा पटेल, युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष अभिषेक परमार और जिला संगठन महामंत्री अभिषेक शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles