भोपाल मंडल के रेल परिसरों और रेलखंड का महाप्रबंधक ने किया निरीक्षण, स्मार्ट पिट लाइटिंग सिस्टम का उद्घाटन

कोच अनुरक्षण सुविधाओं, पुलों, स्टेशनों और ट्रैक का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए निर्देश

भोपाल। पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने शनिवार, 8 अगस्त 2026 को भोपाल मंडल के विभिन्न महत्वपूर्ण रेल परिसरों, कोच अनुरक्षण सुविधाओं, स्टेशनों और रेलखंडों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल संरक्षा, यात्री सुविधाओं, अनुरक्षण व्यवस्था और रेल आधारभूत संरचनाओं की स्थिति का जायजा लिया।

मंडल प्रशिक्षण केंद्र में CBT केंद्र का उद्घाटन

महाप्रबंधक ने निरीक्षण की शुरुआत मंडल प्रशिक्षण केंद्र (DTC) से की। यहां उन्होंने कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) केंद्र का उद्घाटन किया। इस केंद्र के माध्यम से रेलवे की विभिन्न परीक्षाओं और चयन प्रक्रियाओं को आधुनिक एवं व्यवस्थित तरीके से संचालित करने में सुविधा मिलेगी।

इसके बाद उन्होंने आईओएच (Intermediate Overhauling) सुविधा का निरीक्षण किया और एकीकृत कोच अनुरक्षण सुविधा (Integrated Coach Maintenance Facility) का उद्घाटन किया। इससे कोचों के अनुरक्षण कार्य को अधिक व्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण तरीके से करने में मदद मिलेगी।

रानी कमलापति डिपो में स्मार्ट पिट लाइटिंग सिस्टम

रानी कमलापति कोचिंग डिपो में महाप्रबंधक ने स्मार्ट पिट लाइटिंग सिस्टम का उद्घाटन किया। यह प्रणाली ट्रेन की स्थिति के अनुसार पिट लाइन की लाइटिंग को स्वचालित रूप से नियंत्रित करती है। ट्रेन के पिट में प्रवेश करते ही संबंधित लाइटें चालू हो जाती हैं और ट्रेन के निकलने के बाद पिट खाली होने पर स्वतः बंद हो जाती हैं।

स्मार्ट प्रॉक्सिमिटी सेंसर और PLC आधारित कंट्रोल सिस्टम से संचालित यह व्यवस्था पिट संख्या 8, 9 और 10 में लागू की गई है। रेलवे बोर्ड के निर्धारित मानकों के अनुसार प्रकाश स्तर बनाए रखने वाली इस प्रणाली से सालाना करीब 88 हजार यूनिट बिजली की बचत होने का अनुमान है। इससे लगभग 8.27 लाख रुपये की वार्षिक विद्युत लागत बचत हो सकती है।

करीब 1.50 लाख रुपये की लागत से विकसित इस प्रणाली का अनुमानित पे-बैक पीरियड लगभग दो माह बताया गया है। रेलवे के अनुसार, यह पहल ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण-अनुकूल कार्यप्रणाली को बढ़ावा देगी।

रानी कमलापति-कुरावर रेलखंड का निरीक्षण

इसके बाद महाप्रबंधक ने परख निरीक्षणयान से रानी कमलापति-कुरावर रेलखंड का निरीक्षण किया। उन्होंने ट्रैक, रेल परिसंपत्तियों और संरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

इसके बाद कुरावर से ब्यावरा-राजगढ़ के बीच रेलखंड का निरीक्षण किया गया। इस दौरान आरओबी-17 सहित विभिन्न रेल संरचनाओं और पुलों की स्थिति का जायजा लिया गया।

राजगढ़ सिटी स्टेशन और पुलों का निरीक्षण

महाप्रबंधक ने राजगढ़ सिटी रेलवे स्टेशन पहुंचकर यात्री सुविधाओं और परिचालन व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन परिसर की व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने नेवाज ब्रिज और ब्रिज संख्या 263-ए का निरीक्षण किया। पुलों की संरचना और अनुरक्षण व्यवस्था की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

महाप्रबंधक ने रेल संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए ट्रैक, पुलों, स्टेशन परिसरों और अनुरक्षण सुविधाओं का नियमित निरीक्षण एवं निर्धारित मानकों के अनुसार रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से यात्री सुविधाओं में सुधार और सभी आवश्यक कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण एम.एस. हाशमी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version