State

छह माह से वेतन के लिए परेशान वन सुरक्षा श्रमिक और वन समिति चौकीदार

भोपाल। वन विभाग में काम करने वाले हजारों वन सुरक्षा श्रमिक और वन समिति चौकीदार पिछले छह महीने से वेतन के लिए परेशान हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि वे लगातार वन विभाग के अधिकारियों से वेतन भुगतान की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक होने के बावजूद वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों में नाराजगी है।

मध्यप्रदेश वन कर्मचारी मंच ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र भेजकर कर्मचारियों का छह माह का लंबित वेतन रक्षाबंधन से पहले जारी कराने की मांग की है। मंच का कहना है कि भोपाल और सीहोर के वन अधिकारियों ने वेतन भुगतान का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक भुगतान नहीं किया गया।

मंच के प्रदेश अध्यक्ष अशोक पांडे ने कहा कि वन मंडल और वन परिक्षेत्र स्तर के अधिकारियों द्वारा कई बार समय पर वेतन नहीं दिया जाता। छह-छह महीने तक वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों के सामने परिवार का खर्च चलाने में परेशानी खड़ी हो जाती है।

उन्होंने बताया कि संगठन पहले भी वन अधिकारियों को ज्ञापन देकर लंबित वेतन का तत्काल भुगतान करने की मांग कर चुका है, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इससे वन सुरक्षा श्रमिकों और वन समिति चौकीदारों में असंतोष बढ़ रहा है।

मंच ने चेतावनी दी है कि यदि रक्षाबंधन से पहले लंबित वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो कर्मचारी त्योहार नहीं मनाने का निर्णय ले सकते हैं। संगठन ने सरकार से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर कर्मचारियों को राहत देने की मांग की है।

Related Articles