भोपाल में शुद्ध पेयजल के लिए 104 जगहों से लिए पानी के सैंपल, 29 लीकेज सुधारे

भोपाल, 20 अगस्त 2026। राजधानी में नागरिकों को साफ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम लगातार पानी की गुणवत्ता की जांच कर रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को निगम अमले ने शहर के 104 स्थानों से पानी के नमूने लिए। साथ ही पाइप लाइनों में हुए 29 लीकेज को भी सुधारा गया।
नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर जलकार्य विभाग की टीम ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से पानी के सैंपल एकत्र किए। इनमें छावनी गांव, मनीषा मार्केट, नीलबड़, शास्त्री नगर, कोटरा सुल्तानाबाद, जेपी नगर, छोला नाका रोड, शांति नगर, पुतलीघर, बुधवारा, अरेरा कॉलोनी, कस्तूरबा नगर, रचना नगर, बरखेड़ा पठानी, खजूरी कलां, शक्ति नगर, जाटखेड़ी और नरेला शंकरी सहित कई क्षेत्र शामिल हैं।
अब तक 28 हजार से ज्यादा पानी के सैंपल
नगर निगम के अनुसार शहर में अब तक कुल 28,287 पानी के नमूने लिए जा चुके हैं। इनमें झुग्गी-बस्ती क्षेत्रों से लिए गए 12,970 नमूने भी शामिल हैं। सभी नमूनों की जांच निगम की 8 परीक्षण शालाओं में लगातार की जा रही है। इसका उद्देश्य पेयजल में किसी प्रकार के संक्रमण या गंदगी की स्थिति का समय पर पता लगाना है।
29 जगह पाइप लाइन के लीकेज सुधारे
जलकार्य विभाग की टीम ने गुरुवार को शहर के 29 स्थानों पर पाइप लाइन के लीकेज भी ठीक किए। इनमें पीएनबी कॉलोनी, नीलकंठ कॉलोनी, टीला जमालपुरा, अटल अय्यूब नगर, कबाड़खाना, छोला रोड, इंद्रा नगर, छावनी, शाहपुरा, मनीषा मार्केट, गुलमोहर, दुर्गा नगर, मिसरोद टंकी, रोशनपुरा, पत्रकार भवन, न्यू टीटी नगर, नीलबड़ और अन्य क्षेत्र शामिल हैं।
नगर निगम के अनुसार अब तक शहर में 7,708 पाइप लाइन लीकेज सुधारे जा चुके हैं।
22 हजार से अधिक सीवेज चैंबर की सफाई
निगम द्वारा पेयजल व्यवस्था के साथ सीवेज व्यवस्था को भी बेहतर बनाने का काम किया जा रहा है। अब तक शहर में 22,286 स्थानों पर सीवेज चैंबर की सफाई कराई जा चुकी है। निगम का कहना है कि जल परीक्षण, लीकेज सुधार और सीवेज चैंबर की सफाई का काम लगातार जारी रहेगा, ताकि नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के साथ जलजनित समस्याओं को भी रोका जा सके।





