भोपाल। पूजा और हवन सामग्री के रूप में बेचे जा रहे घी की गुणवत्ता की जांच के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जुमेराती राती क्षेत्र स्थित नेहा पूजा सेंटर का निरीक्षण किया। कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा मध्यप्रदेश के निर्देश और कलेक्टर भोपाल के मार्गदर्शन में की गई।
निरीक्षण के दौरान दुकान पर पूजा में इस्तेमाल होने वाले घी की बड़ी मात्रा मिली। टीम ने 180 एमएल के 29 डिब्बे और 450 एमएल के 8 डिब्बे, कुल 37 डिब्बे जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल कीमत 2,860 रुपये बताई गई है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत पूजा घी का नमूना लिया। नमूने को जांच के लिए अधिकृत खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग पूजा और हवन सामग्री की दुकानों पर बिकने वाले घी की विशेष जांच कर रहा है। विभाग यह भी जांच रहा है कि पूजा घी के नाम पर ऐसे उत्पाद तो नहीं बेचे जा रहे हैं, जिनमें वनस्पति वसा, पशु वसा या अन्य अवांछित वसा की मिलावट हो।
अधिकारियों के अनुसार जुमेराती सहित भोपाल के अन्य क्षेत्रों में भी पूजा एवं हवन सामग्री की दुकानों पर निरीक्षण और नमूना लेने की कार्रवाई आगे जारी रहेगी।
