State

एमपी नगर में कोचिंग संस्थानों पर फायर टीम की छापेमारी, बेसमेंट लाइब्रेरी सील; कई संस्थानों को नोटिस

भोपाल। राजधानी भोपाल के एमपी नगर क्षेत्र में गुरुवार को जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरी और छात्रावासों में अचानक जांच अभियान चलाया। लखनऊ के कोचिंग सेंटर हादसे के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर यह कार्रवाई शुरू की है।

कलेक्टर एवं जिला आपदा प्रबंधन के निर्देश पर गठित दल ने शहर के एक दर्जन से अधिक कोचिंग संस्थानों में पहुंचकर फायर सेफ्टी मानकों, आपातकालीन निकासी व्यवस्था, सुरक्षा उपकरणों और अन्य व्यवस्थाओं की जांच की। अचानक हुई कार्रवाई से कोचिंग संचालकों और विद्यार्थियों में हड़कंप मच गया।

जांच के दौरान नियमों की अनदेखी मिलने पर बेसमेंट में संचालित एक लाइब्रेरी को सील कर दिया गया, जबकि कई कोचिंग संस्थानों को फायर सुरक्षा व्यवस्था सुधारने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। प्रशासन ने संबंधित संस्थानों को 7 दिन का समय दिया है।

बेसमेंट में अवैध रूप से चल रही लाइब्रेरी सील

जांच दल एमपी नगर स्थित आईवी लाइब्रेरी पहुंचा, जहां बेसमेंट में लाइब्रेरी संचालित पाई गई। अधिकारियों के अनुसार बेसमेंट का उपयोग पार्किंग के लिए स्वीकृत था, लेकिन वहां व्यावसायिक गतिविधि संचालित की जा रही थी।

जांच में लाइब्रेरी में आपातकालीन निकास, वेंटिलेशन और फायर सेफ्टी व्यवस्था में कमी पाई गई। सुरक्षा मानकों की अनदेखी को देखते हुए एमपी नगर थाना पुलिस की मौजूदगी में लाइब्रेरी को सील कर दिया गया।

प्रशासन का कहना है कि बेसमेंट में संचालित ऐसी गतिविधियां आपात स्थिति में छात्रों और अन्य लोगों के लिए खतरा बन सकती हैं, इसलिए सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है।

हॉस्टल के किचन में मिली फंगस लगी सब्जियां

फायर सुरक्षा जांच के साथ ही टीम ने छात्रावासों में स्वच्छता व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। इस दौरान संजीवनी गर्ल्स हॉस्टल के किचन में गंदगी के बीच फंगस लगी सब्जियां और खराब खाद्य सामग्री मिली।

इस मामले में नगर निगम को नियमानुसार कार्रवाई और नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं जैन्स गर्ल्स स्टे होम में साफ-सफाई व्यवस्था सुधारने की हिदायत दी गई।

इन संस्थानों को जारी हुआ नोटिस

नगर निगम के फायर विभाग ने सुरक्षा मानकों में कमी पाए जाने पर कई कोचिंग संस्थानों को नोटिस जारी किए हैं। इनमें प्रमुख रूप से:

फिजिक्स वाला प्राइवेट लिमिटेड

अनएकेडमी कोचिंग क्लासेस

कौटिल्य एकेडमी

नीट मेंटर

औरस कोचिंग

मिथेश राठी कोचिंग क्लासेस

स्टेप अप कोचिंग

दुरानी कोचिंग

रचना दुबे गर्ल्स हॉस्टल व लाइब्रेरी

शामिल हैं।

प्रशासन ने सभी संबंधित संस्थानों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित समय सीमा में फायर सेफ्टी सिस्टम, आपातकालीन निकासी मार्ग और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं को दुरुस्त करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles