भोपाल। बैरागढ़ थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक महिला को 1.9 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 19 हजार रुपये मूल्य का गांजा जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार 6 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बैरागढ़ के धोबीघाट स्थित सिद्धिविनायक किराना स्टोर के पास एक महिला गांजा बेच रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर महिला भागने लगी, लेकिन उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में महिला ने अपनी पहचान रानी यादव (45) निवासी धोबीघाट, बैरागढ़ के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक थैली में रखी 381 पुड़ियों में पैक कुल 1.9 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर गांजा जब्त कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा कहां से लाती थी और इसकी सप्लाई किन लोगों तक करती थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य मामलों में प्रकरण दर्ज हैं। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त संजय सिंह के निर्देश पर डीसीपी जोन-4 के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अशोक कुमार गौतम के नेतृत्व में की गई।
