भोपाल। मूंग खरीदी, ई-टोकन व्यवस्था और अन्य मांगों को लेकर राजधानी में चल रहा किसान आंदोलन तीसरे दिन और उग्र हो गया। प्रदर्शन के दौरान कुछ किसानों ने अर्धनग्न होकर विरोध दर्ज कराया, जबकि बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ते हुए सीएम हाउस की ओर बढ़ गए। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी तथा पूरे घटनाक्रम के दौरान कई स्थानों पर तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
बैरिकेडिंग और बसों से रोका गया रास्ता
किसानों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने चार-स्तरीय बैरिकेडिंग के साथ सिटी बसों को सड़क पर खड़ा कर मार्ग पूरी तरह बंद कर दिया। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग के सामने डटे रहे। देर शाम धक्का-मुक्की के बीच कुछ किसान बैरिकेड और बसों को पार कर सीएम हाउस की दिशा में बढ़ गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
किसानों का दावा है कि उन्होंने रास्ते में लगी कई बैरिकेडिंग और बसों को पार करते हुए नर्मदापुरम सेतु से बोर्ड ऑफिस क्षेत्र तक पहुंचकर आगे बढ़ने का प्रयास किया। पुलिस ने पूरे समय निगरानी बनाए रखते हुए अतिरिक्त बल तैनात रखा।
कांग्रेस ने किया स्वागत
आंदोलन के दौरान किसान जब प्रदेश कांग्रेस कार्यालय (पीसीसी) के सामने पहुंचे तो कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन पर फूल बरसाकर स्वागत किया और उनकी मांगों का समर्थन किया। इसके बाद प्रदर्शनकारी रेड क्रॉस अस्पताल क्षेत्र से आगे सीएम हाउस की ओर बढ़ गए।
शिवराज सिंह चौहान के आवास के बाहर प्रदर्शन
सीएम हाउस की ओर बढ़ रहे किसानों ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के आवास के बाहर भी प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने ट्रैक्टर तिरछा खड़ा कर सड़क जाम की और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस और किसानों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। किसानों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।
राजधानी की रफ्तार थमी
किसान आंदोलन का असर राजधानी के जनजीवन पर भी व्यापक रूप से पड़ा। नर्मदापुरम रोड, मिसरोद और मंडीदीप मार्ग पर दिनभर यातायात प्रभावित रहा। बैरिकेडिंग और डायवर्जन के कारण बड़ी संख्या में लोग जाम में फंसे रहे। दफ्तर जाने वाले कर्मचारी, स्कूली बच्चे, मरीज और दैनिक यात्री घंटों परेशान रहे तथा कई लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा।
स्कूलों में अवकाश, सुरक्षा के विशेष इंतजाम
यातायात और कानून-व्यवस्था को देखते हुए कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने नर्मदापुरम रोड क्षेत्र के सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित किया। वहीं, धरनास्थल पर नगर निगम ने पेयजल, अस्थायी शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की। पुलिस ने प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त बल तैनात कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभाली।
