State

भोपाल के ISBT और मेट्रो स्टेशनों पर लगेंगे EV चार्जिंग स्टेशन, संभागायुक्त ने दिए निर्देश

भोपाल, 20 अगस्त 2026। शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने और नागरिकों की सुविधा के लिए प्रमुख स्थानों पर EV चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने गुरुवार को भोपाल स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड की परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को ISBT, मेट्रो स्टेशन, बस डिपो और अन्य प्रमुख स्थानों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन लगाने के निर्देश दिए।

बैठक गोविंदपुरा स्थित भोपाल स्मार्ट सिटी कार्यालय में आयोजित हुई। इसमें भोपाल स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंजू अरुण कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में स्मार्ट सिटी की पूरी हो चुकी परियोजनाओं और भविष्य में शुरू होने वाले कार्यों का प्रजेंटेशन देखा गया।

प्रमुख स्थानों पर चार्जिंग सुविधा

संभागायुक्त शर्मा ने कहा कि शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में नागरिकों को आसानी से चार्जिंग सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर EV चार्जिंग स्टेशन विकसित किए जाने चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से ISBT, मेट्रो स्टेशन, शहर के बस डिपो और अन्य व्यस्त स्थानों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

लैंड मोनेटाइजेशन की भी समीक्षा

बैठक में टीटी नगर स्थित भोपाल स्मार्ट सिटी के ABD एरिया में लैंड मोनेटाइजेशन से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। संभागायुक्त ने स्मार्ट सिटी की सीईओ से जानकारी लेते हुए विकास कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर कर परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी कार्य निर्धारित समय सीमा और गुणवत्ता के साथ पूरा करने पर जोर दिया।

ITMS और बी-नेस्ट का निरीक्षण

बैठक से पहले संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने भोपाल स्मार्ट सिटी के इंक्यूबेशन सेंटर बी-नेस्ट और इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) का निरीक्षण किया। उन्होंने ITMS के माध्यम से की जा रही यातायात निगरानी और ई-चालान व्यवस्था की जानकारी ली।

भोपाल स्मार्ट सिटी द्वारा स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए बी-नेस्ट इंक्यूबेशन सेंटर संचालित किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने इसके संचालन और स्टार्टअप्स को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी संभागायुक्त को दी।

Related Articles