राज्य मंत्रालय पर आज कर्मचारी संघ का आंदोलन, 70-80-90 प्रतिशत वाले आदेश खत्म करने की मांग

भोपाल, 17 अगस्त । तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के नेतृत्व में कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार, 18 अगस्त को राज्य मंत्रालय भोपाल में आंदोलन किया जाएगा। संघ ने भोपाल सहित प्रदेश के सभी विभागों के कर्मचारियों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।
संघ के महामंत्री उमाशंकर तिवारी, संरक्षक मोहन अय्यर, कार्यकारी अध्यक्ष विजय सिंह रघुवंशी और भोपाल जिला अध्यक्ष मोहम्मद सलीम ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष अतुल मिश्रा के नेतृत्व में यह आंदोलन आयोजित किया जा रहा है। मंत्रालय में 18 अगस्त को दोपहर 1 बजे प्रदर्शन किया जाएगा। इसी के साथ प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर भी कर्मचारी प्रदर्शन करेंगे।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगें
कर्मचारी संघ ने सरकार के सामने कई मांगें रखी हैं। इनमें 70, 80 और 90 प्रतिशत वाले आदेशों को समाप्त करना, कर्मचारियों को कैशलेस इलाज की सुविधा देना और 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत जारी करना शामिल है।
इसके अलावा संघ ने अनुकंपा नियुक्ति में सीपीसीटी की अनिवार्यता खत्म करने की मांग भी उठाई है।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों का समाधान नहीं होने के कारण आंदोलन का निर्णय लिया गया है। उन्होंने प्रदेशभर के कर्मचारियों से बड़ी संख्या में आंदोलन में शामिल होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाने की अपील की है।





