State

राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति का घेराव: कर्मचारियों ने की प्रमुख मांगों को लेकर प्रदर्शन

भोपाल। मध्य प्रदेश कर्मचारी मंच और राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के दैनिक वेतन भोगी और स्थाई कर्मियों ने आज विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. रूपमा गुप्ता का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने धरना दिया और नारेबाजी की। इस प्रदर्शन में अमर अहिरे, जगदीश शर्मा, शाजली इजहार, विजय रैकवार, संतोष सूर्यवंशी, राज बिहारी पांडे, राजवहोर सेन, कुलदीप सिंह तोमर, प्रियंका शर्मा समेत सैकड़ों कर्मचारी शामिल थे।

कर्मचारी मंच के प्रदेश अध्यक्ष अशोक पांडे ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन को एक महीने पहले आठ सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया था और हाल ही में एक पुनः स्मरण पत्र भी दिया गया था। हालांकि, प्रशासन ने अभी तक इन मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं की है।

प्रदर्शनकारियों ने कुलपति से स्थाई कर्मियों को नियमित करने, दैनिक वेतन भोगियों की श्रेणी परिवर्तित करने, मेडिकल पॉलिसी का लाभ देने, शासकीय कर्मचारियों के समान अवकाश की सुविधा प्रदान करने, और 10 साल की सेवा पूरी कर चुके दैनिक वेतन भोगियों को स्थाई कर्मी बनाने की मांग की।

कर्मचारियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों को स्वीकार करने के लिए तीन अधिकारियों की कमेटी नहीं बनाई गई और सात दिनों के भीतर आदेश जारी नहीं किए गए, तो वे अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करेंगे।

Related Articles