लोक शिक्षण आयुक्त से अभद्रता के मामले में कार्रवाई की मांग, कर्मचारी संगठनों ने की निंदा

भोपाल। लोक शिक्षण संचालनालय में प्रदर्शन के दौरान आयुक्त लोक शिक्षण के साथ कथित अभद्र व्यवहार और शासकीय कार्य में व्यवधान को लेकर कर्मचारी संगठनों ने नाराजगी जताई है। सेमी गर्वमेंट एम्प्लाइज फेडरेशन के संयोजक अनिल बाजपेई और अर्द्धशासकीय अधिकारी-कर्मचारी सार्वजनिक उपक्रम संघ के प्रांताध्यक्ष अरुण वर्मा ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

दोनों कर्मचारी नेताओं ने कहा कि किसी भी अधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार करना और शासकीय कार्यालय में कामकाज बाधित करना उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि आयुक्त लोक शिक्षण के साथ अभद्रता करने और सरकारी काम में बाधा डालने वाले लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराई जाए।

दोषियों पर हो कड़ी कार्रवाई

कर्मचारी संगठनों का कहना है कि सरकारी कार्यालय में प्रदर्शन के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मर्यादित व्यवहार किया जाना चाहिए। यदि किसी प्रदर्शनकारी ने शासकीय कार्य में व्यवधान उत्पन्न किया है तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों की पहचान की जाए।

अनिल बाजपेई और अरुण वर्मा ने कहा कि जांच के बाद दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में सरकारी कार्यालयों में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों और अधिकारियों की सुरक्षा तथा कार्यालयों में शांतिपूर्ण तरीके से कामकाज सुनिश्चित करना जरूरी है।

Exit mobile version