State

मजदूरों के साथ मनाई कर्मचारी मंच ने दीपावली, श्रमिकों के अधिकारों के लिए संघर्ष का लिया संकल्प

भोपाल ।  दीपावली के पावन अवसर पर मध्यप्रदेश कर्मचारी मंच ने एक अनूठी पहल करते हुए त्यौहार मजदूरों और श्रमिक वर्ग के साथ मनाया। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अशोक पांडे के नेतृत्व में भोपाल के कन्हा कुंज पार्क, कोलार में आयोजित कार्यक्रम में श्रमिकों को मिठाई और शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर मंच के पदाधिकारियों ने श्रमिकों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए श्रम का सम्मान ही सच्ची दीपावली का संदेश दिया।
कार्यक्रम में नरेश कुमार, श्याम बरेले, अंतर सिंह, आशुतोष सिंह, रेखा बाई और भील बाई सहित कई सदस्य मौजूद रहे। सभी ने मिलकर दीप प्रज्वलन किया और श्रमिक परिवारों के साथ त्योहार की खुशी साझा की।

प्रदेश अध्यक्ष अशोक पांडे ने प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि कर्मचारी मंच के निर्णय के अनुसार प्रदेशभर में सभी जिलों में यह सामाजिक पहल की गई, जहाँ पदाधिकारियों ने मजदूरों के साथ दीपावली मनाई और दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि दीपावली तभी सार्थक है जब समाज का हर वर्ग खुशहाल हो। अनेक श्रमिक परिवारों को वेतन समय पर न मिलने से त्योहार की खुशी अधूरी रह जाती है, इसलिए मंच हर मजदूर को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Related Articles