महंगाई भत्ता सहित मांगों को लेकर कर्मचारियों ने मंत्रालय पर किया प्रदर्शन

सीपीसीटी की बाध्यता खत्म करने और कैशलेस इलाज की मांग, मांगें नहीं मानी तो नवंबर में बड़े आंदोलन की चेतावनी

भोपाल, 18 अगस्त। विभिन्न मांगों को लेकर तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के बैनर तले कर्मचारियों ने मंगलवार को मंत्रालय भवन के सामने प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष अतुल मिश्रा के नेतृत्व में कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन सौंपकर मांगों के जल्द निराकरण की मांग की।

संघ के महामंत्री उमाशंकर तिवारी ने कहा कि प्रदेश के कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पिछले आठ महीने से महंगाई भत्ते का इंतजार है। उन्होंने सरकार से 1 जनवरी 2026 से 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता और महंगाई राहत देने की मांग की।

कर्मचारियों ने नवनियुक्त कर्मचारियों के लिए तीन वर्ष तक 70, 80 और 90 प्रतिशत वेतन देने की व्यवस्था समाप्त करने, अनुकंपा नियुक्ति में सीपीसीटी की बाध्यता खत्म करने, कैशलेस स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने और ई-अटेंडेंस व्यवस्था समाप्त करने की मांग भी उठाई।

भोपाल जिला अध्यक्ष मोहम्मद सलीम ने कर्मचारियों की ओर से मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान आयोजित सभा में कार्यकारी अध्यक्ष विजय रघुवंशी, संरक्षक मोहन अय्यर, एलएन कैलाशिया, एसएस रजक, कोषाध्यक्ष एसएल पंजवानी और महामंत्री उमाशंकर तिवारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने संबोधित किया।

संघ ने चेतावनी दी कि यदि मांगों का जल्द निराकरण नहीं किया गया तो नवंबर में प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

Exit mobile version