
कोषालयों की लापरवाही से लाखों कर्मचारियों की दिवाली फीकी
भोपाल। प्रदेश के लाखों शासकीय और अर्द्धशासकीय कर्मचारियों एवं श्रमिकों की दीपावली इस बार बिना वेतन के गुज़रेगी। कारण कोषालयों की गंभीर लापरवाही। मध्यप्रदेश कर्मचारी मंच के प्रदेश अध्यक्ष अशोक पांडे ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि कई विभागों ने कर्मचारियों के लंबित वेतन बिल समय पर कोषालयों में जमा कर दिए थे, लेकिन अधिकारियों और कर्मचारियों की त्रुटि के चलते भुगतान प्रक्रिया समय पर पूरी नहीं हो सकी।
पांडे ने कहा कि कोषालय अधिकारियों से संपर्क करने पर यह जानकारी मिली कि बिल तो जनरेट कर दिए गए हैं, परंतु आरबीआई भुगतान प्रणाली सक्रिय नहीं की गई है। जबकि भारत सरकार और राज्य सरकार के स्पष्ट निर्देश हैं कि त्योहारों से पहले लंबित वेतन भुगतान को प्राथमिकता दी जाए।
उन्होंने कहा कि कोषालयों के नकारात्मक रवैये के कारण अब प्रदेश भर के कर्मचारी और श्रमिक वेतन न मिलने से दीपावली का उत्सव नहीं मना पाएंगे। इस निर्णय से कर्मचारियों में भारी असंतोष फैल गया है। कर्मचारी मंच ने घोषणा की है कि सभी कर्मचारी मुख्यमंत्री के नाम काला पोस्टकार्ड भेजकर अपनी नाराज़गी और वेतन न मिलने की शिकायत दर्ज कराएंगे।
इनका कहना है
यह केवल वेतन का नहीं, सम्मान का सवाल है। सरकार को तुरंत संज्ञान लेकर सभी विभागों का भुगतान सुनिश्चित करना चाहिए। अशोक पांडे, प्रदेश अध्यक्ष, मध्यप्रदेश कर्मचारी मंच।