
भोपाल, 29 जुलाई। जनपद पंचायत फंदा की ब्लॉक शिक्षा समिति की बैठक बुधवार को अरेरा कॉलोनी स्थित शासकीय नवीन स्कूल में आयोजित हुई। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूल भवनों की सुरक्षा, मरम्मत और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।
बैठक में जनपद पंचायत फंदा के उपाध्यक्ष मलखान सिंह ठाकुर की अनुमति से विकासखंड शिक्षा अधिकारी विजेता सूर्यवंशी ने एजेंडा प्रस्तुत किया। समिति के सभापति एवं उपाध्यक्ष ने संबंधित इंजीनियरों को निर्देश दिए कि बारिश के मौसम को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों के पुराने स्कूल भवनों का तत्काल निरीक्षण कर उन्हें चिन्हित किया जाए। जर्जर भवनों में कक्षाएं संचालित नहीं की जाएं तथा जिन भवनों में पानी का रिसाव हो रहा है, उनकी शीघ्र मरम्मत कराई जाए।
बैठक में स्कूलों में बच्चों के लिए स्वच्छ शौचालय, आवश्यक सुविधाएं और फर्नीचर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। साथ ही शिक्षकों को समय पर विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के निर्देश दिए गए।
जनपद सदस्य संतोष प्रजापति ने रायसेन रोड क्षेत्र के शासकीय स्कूलों की समस्याओं से समिति को अवगत कराया। बैठक में जनपद सदस्य रतन भील, बीआरसी रूपाली रिछारिया, जनपद क्षेत्र के शासकीय स्कूलों के प्राचार्य, जन शिक्षक, बीएसी तथा शिक्षक उपस्थित रहे।





