State

एम्स भोपाल में नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान, स्वस्थ जीवन का लिया संकल्प

भोपाल। एम्स भोपाल के मनोचिकित्सा विभाग ने ब्रह्माकुमारी, नीलबड़ के सहयोग से नशा मुक्त भारत अभियान एवं मिशन स्पंदन के तहत नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान आयोजित किया। कार्यक्रम का संदेश “विकसित भारत की ओर एक सशक्त कदम” रहा। इस दौरान प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के हालिया संचार के अनुरूप आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना है।

कार्यक्रम में बताया गया कि नशे की लत व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ उसके पारिवारिक एवं सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करती है। समय रहते जागरूकता, परिवार का सहयोग और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ की मदद लेना नशे की समस्या से बाहर निकलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा। प्रतिभागियों ने सभी प्रकार के नशे से दूर रहने, परिवार और मित्रों को नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति स्वयं और दूसरों को जागरूक करने का संकल्प लिया।

आम नागरिकों के लिए राष्ट्रीय नशामुक्ति हेल्पलाइन 14446 की जानकारी भी साझा की गई। लोगों से अपील की गई कि नशे की समस्या से जूझ रहे व्यक्ति को अकेला न छोड़ें और परिवार के सहयोग के साथ उसे उचित विशेषज्ञ सहायता लेने के लिए प्रेरित करें।

Related Articles