वेसेरेमस -रेल प्रशासन की डीआरएम- पीआरएम बैठक: कर्मचारियों के 47 मामलों पर फैसले, 125 नए रेलवे क्वार्टर बनेंगे

भोपाल, 31 जुलाई । पश्चिम मध्य रेलवे मजदूर संघ और भोपाल मंडल रेल प्रशासन के बीच 30 एवं 31 जुलाई को डीआरएम कार्यालय में डीआरएम- पीआरएम की द्विमासिक बैठक आयोजित हुई। बैठक में कर्मचारियों से जुड़े 47 विभिन्न मामलों पर चर्चा कर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में इंजीनियरिंग, मेडिकल, कमर्शियल, कार्मिक और रनिंग स्टाफ से संबंधित मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। कर्मचारियों के हित में 281 पदोन्नति प्रकरण, 17 एमएसीपी मामलों और 14 अनुकंपा नियुक्ति प्रकरणों का निराकरण किया गया।
कर्मचारियों के आवास की सुविधा बढ़ाने के लिए भोपाल मंडल में 125 नए रेलवे क्वार्टर बनाए जाएंगे। वहीं 47 स्टेशन मास्टरों को भोपाल मंडल में आने तथा 40 स्टेशन मास्टरों को अपने अनुरोध पर अन्य मंडलों में स्थानांतरण के लिए अनापत्ति प्रमाण-पत्र जारी किए गए।
बैठक में मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि भोपाल मंडल के चार अमृत भारत स्टेशन राष्ट्र को समर्पित किए जा चुके हैं। इन स्टेशनों पर यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और मंडल में रेलवे के विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने इन उपलब्धियों का श्रेय रेल कर्मचारियों के योगदान को भी दिया।
वेसेरेमस के मंडल अध्यक्ष आर.के. शर्मा ने कमर्शियल विभाग में स्टाफ की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि निशातपुरा स्टेशन शुरू होने, ट्रेनों की संख्या बढ़ने और अमृत भारत स्टेशनों के संचालन से कार्यभार काफी बढ़ गया है, जबकि आवश्यक संख्या में कर्मचारी उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने बताया कि 39 कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने से स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो गई है।
मंडल सचिव कमलेश परिहार ने रनिंग स्टाफ, वाणिज्य विभाग तथा मेडिकल सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उठाते हुए गुना और आसपास के क्षेत्रों में रेल कर्मचारियों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने मेडिकल वैन के नियमित संचालन की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
संघ के महामंत्री अशोक शर्मा ने कहा कि बैठक में कर्मचारियों की लंबित समस्याओं को प्रभावी ढंग से रखा गया। उन्होंने प्रशासन द्वारा लिए गए सकारात्मक निर्णयों का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि शेष लंबित मामलों का भी जल्द समाधान होगा।




