डीआरएम पंकज त्यागी ने भोपाल स्टेशन पर यात्रियों से की चर्चा, निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

भोपाल मंडल के 71 रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों से लिया फीडबैक, सुविधाएं सुधारने के लिए रेल जनसंवाद
भोपाल, 22 अक्टूबर। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल के 71 रेलवे स्टेशनों पर गुरुवार को ‘रेल जनसंवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। विशेष अभियान 6.0 के तहत हुए इस कार्यक्रम में रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। इसका उद्देश्य यात्रियों की जरूरतों को समझकर रेल सेवाओं और स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं में सुधार करना है।
भोपाल रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) पंकज त्यागी ने यात्रियों से संवाद किया। उन्होंने स्टेशन की स्वच्छता, सुरक्षा, पेयजल, प्रतीक्षालय और अन्य यात्री सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि यात्रियों, रेलकर्मियों और मीडिया से मिलने वाले सुझाव रेलवे की कार्यप्रणाली में सुधार के लिए महत्वपूर्ण हैं। इस तरह के कार्यक्रमों से रेलवे प्रशासन और यात्रियों के बीच सीधा संपर्क बढ़ता है।
जनसंवाद के बाद डीआरएम ने भोपाल स्टेशन का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं और स्टेशन परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा सुविधाओं को बेहतर बनाने से जुड़े पहलुओं की समीक्षा की।
रानी कमलापति स्टेशन पर अपर मंडल रेल प्रबंधक योगेन्द्र बघेल ने यात्रियों से बातचीत की, जबकि नर्मदापुरम स्टेशन पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने संवाद किया। यहां यात्रियों को रेलवे की सुविधाओं, स्टेशन के विकास और पुनर्विकास कार्यों, स्वच्छता तथा सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी भी दी गई।
इन स्टेशनों पर भी हुआ कार्यक्रम
रेल जनसंवाद के तहत इटारसी, बीना, विदिशा, सांची, गंज बासौदा, मंडी बामोरा, हरदा, बानापुरा, खिरकिया, संत हिरदाराम नगर, निशातपुरा, अब्दुल्लागंज, मुंगावली, अशोकनगर, गुना, रुठियाई, ब्यावरा राजगढ़, शाजापुर और शिवपुरी सहित मंडल के अन्य स्टेशनों पर भी यात्रियों से चर्चा की गई। विभिन्न स्टेशनों पर स्टेशन प्रबंधकों ने कार्यक्रम आयोजित किए।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, यात्रियों से मिले सुझावों का उद्देश्य उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में कदम उठाना और यात्रा को अधिक सुरक्षित, स्वच्छ व सुविधाजनक बनाना है।





