भोपाल। शिवाजी नगर स्थित अंकुर स्कूल के पीछे स्लम क्षेत्र में पेयजल पाइपलाइन फूटने से करीब 300 झुग्गियों में पानी की आपूर्ति प्रभावित हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पाइपलाइन के ऊपर सीसी रोड बना दी गई है, जिससे लीकेज की मरम्मत नहीं हो पा रही है।
रहवासियों के अनुसार, पाइपलाइन फूटने के कारण क्षेत्र के नलों में पानी नहीं पहुंच रहा है और लोगों को पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसकी शिकायत नगर निगम को भी की गई है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
क्षेत्र में लगभग 300 झुग्गियां हैं और यहां संकरी गलियां होने के कारण मरम्मत कार्य भी चुनौतीपूर्ण बताया जा रहा है। इसी इलाके में आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 997 भी संचालित होता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीसी रोड बनने के बाद पाइपलाइन पूरी तरह ढक गई है, जिससे लीकेज का सही स्थान पता लगाना और मरम्मत करना मुश्किल हो गया है।
रहवासियों ने नगर निगम से जल्द पाइपलाइन की मरम्मत कर नियमित जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है।
