धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान में भोपाल संभाग को प्रदेश में प्रथम बनाने के निर्देश, जनविश्वास शिविरों में लंबित शिकायतों के शत-प्रतिशत निराकरण पर जोर
भोपाल, 2 सितंबर 2026। संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने अधिकारियों को आगामी ‘सेवा से संकल्प अभियान’ की तैयारियां माइक्रो स्तर पर करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान के तहत प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाएं। इसके लिए संबंधित जिलों और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाया जाए।
संभागायुक्त बुधवार को कमिश्नर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में विभागीय अधिकारियों को निर्देश दे रहे थे। बैठक में संयुक्त आयुक्त डॉ. विनोद यादव, उपायुक्त राजस्व भारती देवी मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के संभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
धरती आबा अभियान में 277 गांवों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर
बैठक में संभागायुक्त ने धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अभियान में चयनित गांवों में विभिन्न सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन एक महीने के भीतर सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए विशेष अभियान चलाकर भोपाल संभाग को प्रदेश में प्रथम स्थान पर लाने का प्रयास किया जाए।
भोपाल संभाग के 277 गांव इस अभियान में चयनित किए गए हैं। इनमें भोपाल जिले का एक, विदिशा के 86, सीहोर के 80, रायसेन के 92 और राजगढ़ के 18 गांव शामिल हैं। अभियान के तहत 17 विभागों की विभिन्न योजनाओं को शामिल किया गया है।
संभागायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के समन्वित क्रियान्वयन से चयनित जनजातीय गांवों में सड़क, पक्के आवास, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमियों को दूर किया जाए। प्रत्येक पात्र हितग्राही को योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड के साथ पशुपालन और मत्स्यपालन योजनाओं से जोड़ने तथा जनजातीय युवाओं और महिलाओं की आजीविका के अवसर बढ़ाकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के निर्देश भी दिए गए।
जनविश्वास अभियान के शिविरों से पहले होगी शिकायतों की पहचान
संभागायुक्त ने आगामी मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के शिविरों की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शिविर से पहले संबंधित विकासखंड में लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत समय-सीमा से बाहर हो चुके प्रकरणों की सूची तैयार की जाए।
इन शिकायतों और प्रकरणों का शिविरों के दौरान शत-प्रतिशत और संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
संभागायुक्त ने कहा कि अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और नागरिकों को लोक सेवाएं निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराना है। अधिकारियों को संवाद, समाधान और संवेदनशीलता के साथ अधिक से अधिक जनशिकायतों का निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों को नियमित जिला भ्रमण के निर्देश
संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने सभी संभागीय और विभागीय अधिकारियों को जिलों का नियमित भ्रमण करने को कहा। उन्होंने लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत समय-सीमा से बाहर के मामलों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा विभागीय संस्थाओं का निरीक्षण करने, योजनाओं की जमीनी स्थिति की समीक्षा करने और संबंधित जानकारी मुख्यमंत्री जन अभियान पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए।
