State

संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने आबकारी विभाग की समीक्षा बैठक में कहा- ड्रग्स के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाएं

भोपाल संभाग को ड्रग्स मुक्त करें, सप्लायरों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

भोपाल। भोपाल संभाग को ड्रग्स से मुक्त करने के लिए आबकारी विभाग सख्त कार्रवाई करे। संभाग में कहीं भी ड्रग्स की सप्लाई की शिकायत मिले तो अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करें। दोषियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज करने के साथ जिला बदर की कार्रवाई भी प्रस्तावित की जाए।

यह निर्देश संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने मंगलवार को संभागायुक्त कार्यालय में हुई आबकारी विभाग की संभागीय समीक्षा बैठक में दिए। उन्होंने भोपाल सहित संभाग के सभी जिलों के जिला आबकारी अधिकारियों को ड्रग्स के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने के निर्देश दिए।

अवैध शराब पर भी हो कार्रवाई

संभागायुक्त ने कहा कि संभाग में शराब की अवैध बिक्री, परिवहन और भंडारण नहीं होना चाहिए। इसके लिए लगातार निरीक्षण कर कार्रवाई की जाए। आबकारी विभाग अपना सूचना तंत्र मजबूत करे और पुलिस के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करे।

उन्होंने शराब दुकानों के नियमित निरीक्षण और एमआरपी से अधिक कीमत पर शराब की बिक्री रोकने के निर्देश भी दिए। साथ ही आबकारी राजस्व की नियमित वसूली और समय पर लाइसेंस फीस जमा कराने को कहा।

बैठक में आबकारी राजस्व प्राप्ति, प्रत्याभूत ड्यूटी, भांग की खपत, विदेशी मदिरा, माल्ट और बीयर की खपत, प्रकरणों की कार्रवाई तथा डिस्टिलरी और ब्रूवरी से जुड़े विषयों की समीक्षा की गई। संभागायुक्त ने अधिकारियों को सभी मामलों में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

Related Articles