भोपाल, 19 अगस्त 2026। संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने बुधवार को सुभाष नगर स्थित मध्यप्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MPMRCL) के मेट्रो डिपो का निरीक्षण किया। इस दौरान मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के प्रबंध संचालक एस. कृष्ण चैतन्य सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
संभागायुक्त ने भोपाल मेट्रो परियोजना की प्रगति, परिचालन व्यवस्था और निर्माण कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने डिपो परिसर में परिचालन प्रणाली और यात्रियों के लिए उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं का भी जायजा लिया। अधिकारियों ने उन्हें वर्तमान निर्माण कार्यों, संचालन व्यवस्था और आगामी कार्ययोजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
प्रबंध संचालक एस. कृष्ण चैतन्य ने बताया कि परियोजना के कार्य निर्धारित समय-सीमा के अनुसार आगे बढ़ाए जा रहे हैं। संभागायुक्त ने परियोजना के सुव्यवस्थित क्रियान्वयन पर जोर दिया।
सुभाष नगर से एम्स तक मेट्रो में किया सफर
निरीक्षण के बाद संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने सुभाष नगर से एम्स स्टेशन तक मेट्रो ट्रेन में यात्रा की। इस दौरान उन्होंने यात्रियों को मिल रही सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और मेट्रो के परिचालन का अवलोकन किया। उन्होंने मेट्रो में उपयोग की जा रही आधुनिक तकनीक और सुरक्षा मानकों की भी जानकारी ली।
