विद्या नगर फेस-2 और 3 के विकास कार्यों का संभागायुक्त ने किया निरीक्षण

निर्माण की गुणवत्ता और समय-सीमा का ध्यान रखने के निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
भोपाल। भोपाल विकास प्राधिकरण (बीडीए) के अध्यक्ष एवं संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने शुक्रवार को विद्या नगर फेस-2 और फेस-3 में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली। अधिकारियों को सभी काम तय समय-सीमा में और निर्धारित मापदंडों के अनुसार पूरे करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से निर्माण कार्यों की मौजूदा स्थिति, बाकी बचे काम और उन्हें पूरा करने की समय-सीमा के बारे में जानकारी ली। उन्होंने जरूरी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा, ताकि क्षेत्र के रहवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के निर्देश
संभागायुक्त शर्मा ने कहा कि विकास प्राधिकरण की योजनाओं में नागरिक सुविधाओं का विस्तार और बुनियादी ढांचे का बेहतर विकास प्राथमिकता है। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से स्थल निरीक्षण करने और काम की प्रगति की निगरानी करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान बीडीए के कार्यपालन यंत्री नवीन श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।





