State

भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद सराहनीय पहल : मंत्री गोविंद सिंह राजपूत

भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने भारतीय जनता पार्टी द्वारा शुरू की गई “सहयोग सेल” व्यवस्था की सराहना करते हुए इसे संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच संवाद का अत्यंत प्रभावी माध्यम बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल द्वारा कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद की जो नई व्यवस्था प्रारंभ की गई है, वह दूरदर्शी और संगठन को मजबूत करने वाली पहल है।

मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्पष्ट निर्देश हैं कि प्रदेश शासन के सभी मंत्री पार्टी की भावना के अनुरूप प्रत्येक माह निर्धारित दिवस पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में उपस्थित होकर कार्यकर्ताओं से संवाद करें और उनकी जनसमस्याओं को गंभीरता से सुनें। यह व्यवस्था कार्यकर्ताओं और सरकार के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने बताया कि इस पहल का प्रमुख उद्देश्य कार्यकर्ताओं की जनसमस्याओं को समझना, उनकी बात सुनना और यथासंभव समाधान सुनिश्चित करना है। “सहयोग सेल” के रूप में प्रारंभ की गई यह व्यवस्था बहुत ही प्रभावशाली सिद्ध हो रही है और इसके सकारात्मक परिणाम अब दिखाई देने लगे हैं।

मंत्री श्री राजपूत के अनुसार इस पहल को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह और संतोष है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आमजन अपनी समस्याओं और सुझावों के साथ भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुँच रहे हैं। अब कार्यकर्ताओं को यह स्पष्टता मिल गई है कि वे किस दिन और किस स्थान पर मंत्री से भेंट कर अपनी बात रख सकते हैं।

उन्होंने कहा कि मंत्रियों के व्यस्त शासकीय कार्यक्रमों, बैठकों और क्षेत्रीय दौरों के बावजूद इस व्यवस्था से कार्यकर्ताओं के साथ नियमित संपर्क संभव हो पाया है। यह पहल संगठन और सरकार के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य कर रही है, जिससे कार्यकर्ताओं का मनोबल भी बढ़ा है और प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आई है।

श्री गोविंद सिंह राजपूत ने इस महत्वपूर्ण कदम के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की भावनाओं को समझते हुए जो जिम्मेदारी मंत्रियों को सौंपी गई है, वह निश्चित रूप से प्रदेश में सुशासन को और सशक्त बनाएगी।

मंत्री श्री राजपूत ने विश्वास व्यक्त किया कि यह संवाद व्यवस्था आने वाले समय में और अधिक प्रभावी सिद्ध होगी तथा आमजन और कार्यकर्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान में मील का पत्थर साबित होगी।

Related Articles