State

डीजीसीआर अवॉर्ड सेरेमनी 2025: उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 56 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी सम्मानित

डीजीपी कैलाश मकवाणा बोले कर्तव्यपथ पर समर्पण ही सच्ची देशभक्ति

भोपाल,। मध्यप्रदेश पुलिस की उत्कृष्ट सेवाओं को सम्मानित करने के लिए पुलिस मुख्यालय, भोपाल स्थित पुलिस ऑफिसर्स मेस में डायरेक्टर जनरल्स कमंडेशन रोल (DGCR) अवॉर्ड सेरेमनी का आयोजन किया गया। इस समारोह में मई 2024 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 56 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को डीजीपी  कैलाश मकवाणा ने प्रशस्ति पत्र और डिस्क प्रदान कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में डीजीपी श्री मकवाणा ने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस ने अपनी स्थापना से लेकर अब तक कानून-व्यवस्था, शांति और भाईचारे को बनाए रखने में असाधारण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि हमारे पुलिसकर्मी कर्तव्य पथ पर अडिग रहते हुए हर चुनौती का सामना कर रहे हैं। यही सच्ची देशभक्ति और जनसेवा की पहचान है।

डीजीपी ने आगे कहा कि पुलिस सदैव चुनौतियों में काम करती है और ऐसे में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इन पुलिसकर्मियों ने न केवल कानून व्यवस्था को सुदृढ़ किया, बल्कि अनसुलझे मामलों के निराकरण में भी उल्लेखनीय कार्य किया है।

उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2002 से अब तक 971 अधिकारियों और कर्मचारियों को डीजीसीआर प्रशस्ति पत्र एवं डिस्क से सम्मानित किया जा चुका है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार अब प्रतिवर्ष दिए जाने वाले डीजीसीआर पुरस्कारों की संख्या 100 से बढ़ाकर 200 कर दी गई है।

डीजीसीआर अवॉर्ड क्या है?
डायरेक्टर जनरल्स कमंडेशन रोल (DGCR) पुलिस महानिदेशक द्वारा प्रदान किया जाने वाला सम्मान है, जो वर्दीधारी बलों की एक विशिष्ट परंपरा का हिस्सा है। यह सम्मान वर्ष में दो बार उन अधिकारियों/कर्मचारियों को दिया जाता है जिन्होंने अपने क्षेत्र में प्रशंसनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं।

वर्ष 2023 से इस अलंकरण समारोह को प्रदेश स्तर पर भव्य रूप दिया गया है, जिसमें चयनित पुलिसकर्मियों को मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में सम्मानित किया जाता है। मई 2024 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 56 चयनित अधिकारियों को इसी परंपरा के तहत यह अलंकरण प्रदान किया गया।

डीजीपी श्री मकवाणा ने कहा कि प्रदेश पुलिस का लक्ष्य न केवल अपराध नियंत्रण है, बल्कि जनता का विश्वास अर्जित कर सेवा, सुरक्षा और सहयोग की भावना को सशक्त बनाना है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से अपेक्षा की कि वे महिलाओं की सुरक्षा, अपराध रोकथाम और नागरिक सुविधा के क्षेत्र में और अधिक सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।

Related Articles